सपा जिलाध्यक्ष बोले- ओवैसी विपक्षी वोटों को नुकसान पहुंचाते हैं:संभल में असगर अली अंसारी ने कहा- यूपी में भाजपा को सिर्फ सपा दे रही टक्कर

Oct 12, 2026 - 15:16
0
सपा जिलाध्यक्ष बोले- ओवैसी विपक्षी वोटों को नुकसान पहुंचाते हैं:संभल में असगर अली अंसारी ने कहा- यूपी में भाजपा को सिर्फ सपा दे रही टक्कर
संभल में सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि मनाई गई। चन्दौसी चौराहा स्थित कार्यालय में सपाइयों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने आगामी विधानसभा चुनाव, भाजपा से मुकाबले और विपक्षी दलों के बीच एकजुटता को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को चुनौती देने की ताकत सिर्फ समाजवादी पार्टी में है। अंसारी ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की चुनावी राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी की पार्टी चुनाव लड़कर विपक्षी दलों के वोटों को नुकसान पहुंचाती है। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद की चर्चाओं को उन्होंने मीडिया की अटकल बताया। असगर अली अंसारी ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी को जरूरत से ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए। उनका आरोप है कि ओवैसी जहां भी चुनाव लड़ते हैं, वहां विपक्षी वोटों का बंटवारा होता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी उनकी पार्टी का मकसद सपा को नुकसान पहुंचाना है, लेकिन अब लोग इस राजनीति को समझने लगे हैं। संभल और मुरादाबाद मंडल को बताया सपा का गढ़ संभल को एआईएमआईएम का गढ़ बताए जाने पर सपा जिलाध्यक्ष ने सवाल उठाया कि पार्टी ने यहां कितनी बार सांसद या विधायक चुने जाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने दावा किया कि संभल के साथ पूरा मुरादाबाद मंडल समाजवादी पार्टी का गढ़ है। उनके मुताबिक, प्रदेश में भाजपा को राजनीतिक चुनौती देने की क्षमता सपा में ही है। सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर विवाद से इनकार 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद की खबरों पर अंसारी ने कहा कि यह मीडिया की अटकलें हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के बीच बातचीत से सीटों का मुद्दा सुलझ जाएगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा। भाजपा को हटाने के लिए एकजुटता पर जोर अंसारी ने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए गठबंधन के सभी दलों को मिलकर काम करना होगा। कार्यक्रम में विधायक पुत्र सुहैल इकबाल, कृष्ण मुरारी सांख्यधर, मुंशी वाहिद, फराज अंसारी, सईद अख्तर इसराइली समेत सपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने डॉ. राम मनोहर लोहिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User