लखनऊ की खाकी लाचार, मॉडल श्रद्धा फिल्मी स्टाइल में फरार:हाईटेक नेटवर्क से खुली चुनौती दे रही, कैमरे के सामने आकर फिर लापता हो रही

Oct 19, 2026 - 10:40
0
लखनऊ की खाकी लाचार, मॉडल श्रद्धा फिल्मी स्टाइल में फरार:हाईटेक नेटवर्क से खुली चुनौती दे रही, कैमरे के सामने आकर फिर लापता हो रही
प्रदेश की सबसे हाईटेक लखनऊ पुलिस शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को पकड़ नहीं पा रही है। श्रद्धा के अलावा, उसके साथी आरोपी भी पकड़ से दूर हैं। घटना के बाद से पुलिस श्रद्धा के नेटवर्क के आगे बेबस नजर आ रही है। श्रद्धा वीडियो जारी कर रही है, मीडिया के सामने भी आ गई, लेकिन पुलिस केवल कयास लगा रही है। 10 दिन में भी पुलिस उसे नहीं तलाश पाई और कहती रही कि वह नेपाल में दिख रही है। इसी क्रम में श्रद्धा ने न्यूज एजेंसी ANI को बाइट भी दे दी। मॉडल श्रद्धा की तलाश में नाकाम रहने पर डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर और हजरतगंज के थाना प्रभारी विक्रम सिंह पर एक्शन लिया गया है। लेकिन, श्रद्धा अब भी अपनी बहन और ड्राइवर के साथ फरार है। लखनऊ से लेकर नेपाल और पश्चिमी यूपी तक पुलिस का पूरा नेटवर्क मिलकर श्रद्धा का पता नहीं कर पाया है, जबकि उसने पूरे कॉन्फिडेंस के साथ लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस वे के पास मीडिया को बाइट दी। बावजूद इसके वह पुलिस के रडार से गायब ही है। पूरे मामले में लखनऊ पुलिस सिर्फ श्रद्धा और आरोपियों को ही फॉलो करने में जुटी है। 10 दिन से 10 टीमें लगीं, नतीजा जीरो पुलिस की 10 टीमें 10 दिन से लखनऊ से लेकर नेपाल तक स्टे कर आरोपियों को फॉलो करती रहीं। नेपाल बॉर्डर के जिलों में आवाजाही करने वाले लोगों की तलाश हुई। पुलिस ने तस्वीर दिखाकर भी लोगों से सवाल किए। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस सिस्टम से भी तलाश जारी रही, लेकिन श्रद्धा तक पहुंच नहीं बन पाई। क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीम भी मामले में खाली हाथ ही रही है। मामले की निगरानी अब सीधे पुलिस विभाग के आलाअधिकारी कर रहे हैं, लेकिन नतीजा शून्य ही आ रहा है। वीडियो या मीडिया पर सामने आती, फिर लापता हो जाती घटना में पुलिस की पूरी जांच और तामझाम पर सिर्फ एक न्यूज एजेंसी पर आगरा एक्सप्रेस वे के पास दी गई श्रद्धा की बाइट ने सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कैसे श्रद्धा कुछ लोगों के संपर्क में अपने मन से आती है, उसके बाद बाइट देकर फिर गायब हो जाती है? पुलिस घटना के बाद से श्रद्धा के लगातार लोकेशन बदलने का दावा करती रही, लेकिन कथित तौर पर एक होटल में श्रद्धा ने अपनी बात कही। उसके बाद फिर से फिल्मी स्टाइल में फरार हो गई। मददगार इतने मजबूत कि बैकफुट पर पुलिस फिलहाल, श्रद्धा ने शिवा शर्मा मर्डर के बाद अपनी सुविधा के हिसाब से अपनी बात पहुंचाई है। सवाल है कि जब 9 अक्टूबर को घटना हुई तो इसके बाद पुलिस ने आरोपियों पर तुरंत कार्रवाई क्यों नहीं की? कैसे लखनऊ से सारे आरोपी बाहर गए और कई जिले पार करते हुए नेपाल भी पहुंचे? पुलिस जांच के दौरान भी कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के मददगार होने की बात सामने आ रही है। इसमें सफेदपोश, नौकरशाह सहित अन्य लोगों तक की बात शामिल हो सकती है, जिसके कारण श्रद्धा पुलिस की पहुंच से दूर है। मामले में 9 दिनों तक पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंची। फरारी 10वें दिन श्रद्धा मीडिया एजेंसी तक पहुंच गई। सरेंडर की तैयारी में है श्रद्धा दुबे फिलहाल सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा कोर्ट के माध्यम से पुलिस को सरेंडर करने की तैयारी में है। इसके लिए रविवार को दिनभर हलचल भी जिला कचहरी तक बनी रही, हालांकि,पुलिस की तरफ से गैर जमानती वारंट श्रद्धा के खिलाफ जारी किया गया है, लेकिन उसने इसके खिलाफ अग्रिम जमानत की याचिका कोर्ट में डाली है। ऐसे में वह कोर्ट के माध्यम से भी सरेंडर कर सकती है। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर व इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को घटना को हल्के में लेने व लापरवाही पर हटाए जाने की बात सामने आ रही है। विक्रांत वीर फिलहाल पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक के पद पर अटैच किए गए हैं, जबकि इंस्पेक्टर विक्रम सिंह लाइन हाजिर किए गए हैं। सिलसिलेवार पढ़िए, कब क्या हुआ? 13 अक्टूबर- ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई कथित ऑडियो में श्रद्धा दुबे, शिवा शर्मा से उनके फ्लैट से चोरी को लेकर सवाल करती सुनाई दे रही हैं। इसमें ‘संजय सर’ का भी जिक्र है और शिवा को जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। सवाल है कि आखिर ये संजय सर कौन हैं? 14 अक्टूबर- पहला वीडियो श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर लापता होने की बात से इनकार किया। उन्होंने दावा किया कि शिवा शर्मा ने आत्महत्या की है। साथ ही, मीडिया से अपील की कि उनका नाम नेताओं या अधिकारियों से न जोड़ा जाए। 14 अक्टूबर- दूसरा वीडियो पहले वीडियो के कुछ मिनट बाद श्रद्धा का दूसरा वीडियो सामने आया। इसमें उन्होंने आत्मसमर्पण करने की इच्छा जताई और दोहराया कि यह हत्या का मामला नहीं है। 15 अक्टूबर- तीसरा वीडियो श्रद्धा ने 9 अक्टूबर की रात की घटना का ब्यौरा दिया। उन्होंने दावा किया कि कर्ज में डूबे शिवा शर्मा अपनी बहन के दरवाजा खोलने के बाद बालकनी से कूद गए। शिवा की दो वीडियो आई सामने 15 अक्टूबर दोपहर- चौथा वीडियो एक बिना तारीख वाली क्लिप सामने आई। इसमें शिवा शर्मा एक महीने के भीतर श्रद्धा के पैसे लौटाने का वादा करते और सुरक्षा के तौर पर अपनी गाड़ी रखने की बात कहते नजर आ रहे हैं। 16 अक्टूबर दोपहर- पांचवां वीडियो एक अन्य क्लिप में कथित तौर पर श्रद्धा द्वारा रिकॉर्ड की गई शिवा शर्मा की आवाज सुनाई देती है। इसमें वह अपने अपार्टमेंट से 6 लाख रुपये के गहने चोरी करने की बात स्वीकार करते सुनाई दे रहे हैं। अब पढ़िए पूरा मामला क्या है… 9 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा पिछले 4 महीने से श्रद्धा के साथ लिव-इन में रह रहा था। घटना के बाद उसकी बॉडी पर सिर्फ अंडरवियर था। चेहरे पर लिपस्टिक लगी हुई थी। शरीर पर कई जगह सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले थे। शिवा की मां रंजना शर्मा ने उसकी मौत के मामले में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि श्रद्धा ने ही शिवा को चौथी मंजिल से धक्का दिया था। हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा- पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। ------------------------------------------- मृतक कारोबारी की मां का इंटरव्यू- शिवा हत्याकांड में मां का टूटा भरोसा, न्याय का इंतजार : मॉडल श्रद्धा का इंटरव्यू देख बोलीं- पुलिस से बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन अब निराशा है लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस की ओर से लगातार दावे किए जा रहे हैं कि जल्द गिरफ्तारी होगी, जबकि आरोपी श्रद्धा मीडिया के सामने आकर बाइट दे रही है। अपनी सुविधा के अनुसार वीडियो जारी कर रही है। उसने खुद को बेकसूर बताया है। (पूरी खबर पढ़िए)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User