लखनऊ में हिंदी दिवस का आयोजन:कॉलेज में छात्राओं ने बनाए पोस्टर, प्रेरक विचार रखकर दिया अनूठा संदेश

Sep 15, 2026 - 16:07
0
लखनऊ में हिंदी दिवस का आयोजन:कॉलेज में छात्राओं ने बनाए पोस्टर, प्रेरक विचार रखकर दिया अनूठा संदेश
लखनऊ में 14 सितंबर को शोआ फातिमा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम और रुचि को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न प्रकार के आकर्षक पोस्टर बनाए तथा हिंदी दिवस के महत्व पर अपने विचार और व्याख्यान प्रस्तुत किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक श्री असगर हुसैन काजमी ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और यह हमारे सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद की हिंदी में लिखी कहानियां आज भी हमें प्रेरणा देती हैं और उनका साहित्य समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि हमें हिंदी भाषा में बोलने और लिखने में गर्व महसूस करना चाहिए। विद्यालय के सचिव श्री आसिम रज़ा साहिब ने कहा कि हिंदी भारतवर्ष में बोली जाने वाली एक लोकप्रिय भाषा है। हिंदी में लिखे गए गीत, कविताएं और लेख आज भी युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में रचनात्मक लेखन की क्षमता विकसित करने के लिए उन्हें विद्यालय स्तर से ही कविताएं एवं अन्य साहित्यिक रचनाएं लिखने के लिए निरंतर प्रेरित किया जाना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या मीरा त्रिपाठी ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों तथा छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में भाषा के प्रति रुचि और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही और हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति उनके उत्साह ने पूरे आयोजन को सार्थक बना दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User