लखनऊ में जीजा-साली ने गोमती नदी में लगाई छलांग:24 घंटे से तलाश जारी, पुल पर मिले जूते-चप्पल

Oct 12, 2026 - 14:44
0
लखनऊ में जीजा-साली ने गोमती नदी में लगाई छलांग:24 घंटे से तलाश जारी, पुल पर मिले जूते-चप्पल
लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में रविवार को जीजा-साली ने घैला पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी। दोनों के बीच पुल पर कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद पहले 45 वर्षीय गौतम गुप्ता ने नदी में छलांग लगाई। उनके पीछे 23 वर्षीय चुनमुन गुप्ता भी कूद गई। दोनों की तलाश में एसडीआरएफ और गोताखोर जुटे हैं। सोमवार को भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका। गौतम फैजुल्लागंज के निवासी हैं और बीकेटी में ढाबा चलाते हैं। चुनमुन उनकी पत्नी की मौसेरी बहन है। दोनों रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे। घटना की जानकारी मिलने पर गौतम की पत्नी और बच्चे मौके पर पहुंचे। वहीं, चुनमुन के पिता भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोपहर में घर से निकले, पुलिस से मिली घटना की जानकारी गौतम की शादी करीब 16 साल पहले अमिता से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। वहीं, चुनमुन बीबीए की पढ़ाई कर रही थी और हुंडई शोरूम में नौकरी भी करती थी। घटना से एक दिन पहले ही उसकी परीक्षा थी। चुनमुन के पिता महेंद्र ने बताया कि उनकी बेटी नौकरी के लिए घर से निकली थी। शाम को फोन आया कि आईआईएम रोड स्थित घैला पुल पर पहुंचें। वहां पहुंचने पर बेटी के नदी में कूदने की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि गौतम उनके साढ़ू के दामाद हैं। पहले युवक ने लगाई छलांग, पीछे से युवती भी कूदी प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों घैला पुल पर पहुंचे थे। कुछ देर बातचीत करने के बाद गौतम ने नदी में छलांग लगा दी। इसके बाद चुनमुन ने भी पुल से छलांग लगा दी। सूचना पर मड़ियांव और ठाकुरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने नाव की मदद से दोनों की तलाश शुरू की। मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, पुल पर युवक का जूता मिला है। शुरुआती जानकारी के आधार पर दोनों के बीच विवाद होने के बाद नदी में कूदने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, ठाकुरगंज पुलिस को युवती के नदी में कूदने की सूचना मिली थी। मौके से उसकी चप्पल भी बरामद हुई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से तलाश में परेशानी गोमती नदी का जलस्तर बढ़ा होने और धारा तेज होने के कारण गोताखोरों को तलाशी अभियान में परेशानी हो रही है। आशंका है कि तेज बहाव के कारण दोनों बहकर आगे निकल गए हों। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर तलाश में जुटी है। रविवार देर शाम अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा। सोमवार को फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि, दोनों के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User