लखनऊ में लूट के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा:3 वारदातों का खुलासा; 5 हजार नकद, चांदी के जेवर, मोबाइल और बाइक बरामद
लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट के आरोपी को गिरफ्तार कर तीन वारदातों का खुलासा किया है। आरोपी के पास से 5 हजार रुपये नकद, चांदी के जेवर, दो मोबाइल फोन, महिलाओं का बैग और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है। आरोपी की पहचान रहीमाबाद के महिमाखेड़ा गांव निवासी विजय रावत (26) के रूप में हुई है। रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक के मुताबिक, महिमाखेड़ा निवासी शैलेन्द्र प्रताप ने बुधवार को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह परिवार के साथ बुद्धेश्वर, लखनऊ से अपने चाचा पुष्पेंद्र के यहां मुंडन संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर बाइक से आए आरोपी ने उन्हें और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और बैग लूटकर फरार हो गया। बैग में 5 हजार रुपये, चांदी की चार राखियां, पायल, बच्चे का कंगन, कछुआ छाप अंगूठी, चांदी का छल्ला और दो सिम कार्ड वाले एंड्रॉयड मोबाइल फोन थे। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग निकला। पीड़ित ने गांव के ही विजय रावत पर शक जताते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। महंगी गाड़ियों और मोबाइल का शौक पुलिस के मुताबिक, जांच के बाद आरोपी को उसके घर पर दबिश देकर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे महंगी गाड़ियों और मोबाइल फोन का शौक है। इन शौक को पूरा करने के लिए वह आसपास के इलाकों में लूटपाट करता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए रुपये, जेवर, मोबाइल फोन और महिलाओं का बैग बरामद किया। वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर बाइक भी बरामद हुई। माल क्षेत्र में भी लूट की वारदातों में शामिल पुलिस के अनुसार, पूछताछ में विजय ने माल थाना क्षेत्र में सालेहनगर पुलिया और तिवारीखेड़ा के पास बाइक पर पीछे बैठी महिलाओं से पर्स और बैग छीनने की घटनाओं में शामिल होने की बात भी बताई। पुलिस ने इन मामलों से संबंधित सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं। शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 317 भी बढ़ाई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में रहीमाबाद और माल थाने की पुलिस टीमें शामिल रहीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ माल और रहीमाबाद थानों में पहले से भी मामले दर्ज हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)