लखनऊ में महिला ने दी पति के अपहरण की सूचना:जांच में लेनदेन का मामला निकला, पत्नी को बताया- दो स्कॉर्पियो कर रहीं पीछा
लखनऊ के मड़ियांव इलाके में एक महिला ने अपने पति के अपहरण की सूचना देकर पुलिस से शिकायत की। महिला ने बताया कि उसका पति 5 अक्टूबर की सुबह कार से घर से निकला था। दोपहर में एक परिचित ने आकर बताया कि पति ने फोन कर खुद को हजरतगंज में होने और दो स्कॉर्पियो से पीछा किए जाने की बात कही है। शाम को एक अन्य व्यक्ति ने फोन कर पति के अपहरण की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मड़ियांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मड़ियांव के डॉ. एए खान वाली गली, अन्ना मार्केट निवासी शिप्रा यादव ने पुलिस को बताया कि उनके पति सत्यरत्न 5 अक्टूबर सुबह करीब 9:25 बजे कार से घर से निकले थे। वह पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे प्रखर पाण्डेय नाम का व्यक्ति उनके घर आया। उसने बताया कि वह कमता में रहता है और उसे डॉ. साहब का फोन आया था। सत्यरत्न ने फोन पर बताया था कि वह हजरतगंज में हैं और दो स्कॉर्पियो उनका पीछा कर रही हैं। इसके बाद शिप्रा ने पति को फोन किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। शाम करीब छह बजे उन्हें एक रिकॉर्डिंग भेजी गई, जिसमें उनके पति जैसी आवाज सुनाई दे रही थी। महिला ने बताया कि इसके बाद एक नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को प्रीतीनगर थाने से बताकर कहा कि उनके पति का अपहरण हो गया है। महिला ने कई बार उस नंबर पर फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। जांच में सूचना में संदेह मिला पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच और तकनीकी सर्विलांस में शिकायत में बताए गए घटनाक्रम से अलग तथ्य सामने आए हैं। सत्यरत्न की मोबाइल लोकेशन पूरे दिन हजरतगंज में नहीं मिली। जांच में उनकी लोकेशन दूसरे स्थान पर पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि एक व्यक्ति ने अपनी बहन की लोहिया अस्पताल में नौकरी लगवाने के नाम पर सत्यरत्न को 7.50 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि नियुक्ति पत्र देने वाले दिन सत्यरत्न गायब हो गए। इसके अलावा, जिस प्रखर पाण्डेय का नाम महिला ने अपनी शिकायत में लिया, उसके खाते से भी उसी दिन सत्यरत्न के खाते में 17 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है। पैसे के लेन देन की बात सामने आई पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी लोग एक-दूसरे के पूर्व परिचित हैं। जांच में सत्यरत्न द्वारा अन्य लोगों से भी रुपए लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को कई अन्य विरोधाभासी तथ्य भी मिले हैं। प्रथमदृष्टया मामला लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस अपहरण की सूचना को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, टेक्निकल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)