लखनऊ में सई नदी में कूदे युवक का शव बरामद:500 मीटर दूर तारों की बाड़ में फंसा मिला, एक दिन पहले कूदा था
लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में सई नदी में कूदे 22 साल के युवक आश्रय शुक्ला उर्फ कल्लू का शव शनिवार दोपहर मिल गया। एसडीआरएफ की तीन टीमों ने शुक्रवार और शनिवार को कई घंटे तक उसकी तलाश की थी।शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी के पानी में खेतों की सुरक्षा के लिए लगाई गई तारों की बाड़ में फंसा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आश्रय, जो मानसिक रूप से कमजोर था, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे सई नदी के पुल से कूद गया था। वह लतीफ नगर गांव की ग्राम प्रधान मालती शुक्ला का बेटा था। उसे पानी में डूबता देख लोगों ने शोर मचाया और परिवार को बताया। गांव वाले भी मौके पर जमा हो गए और कई लोगों ने नदी में उतरकर आश्रय को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला। मृतक के भाई ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया पुलिस को जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। सरोजनीनगर के तहसीलदार जेपी सिंह और एसीपी कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा भी मौके पर पहुंचे। शुक्रवार को अंधेरा होने के कारण शाम करीब 6:30 बजे तलाश रोक दी गई थी। शनिवार सुबह सात बजे एसडीआरएफ ने दोबारा तलाश शुरू की। इस बीच दोपहर करीब 12 बजे एसीपी लक्ष्मण वर्मा ने फिर घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। इस दौरान काफी समय बीतने के बाद भी युवक का शव नहीं मिलने से नाराज उसके भाई तरुण शुक्ला ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने गोताखोरों पर तलाशी में ढिलाई बरतने की शिकायत की। हालांकि एसीपी ने उन्हें समझाकर शांत कराया। इसके बाद दोपहर करीब 1:15 बजे एसडीआरएफ को घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर आश्रय का शव नदी में तारों के बीच फंसा मिला। पिछले कुछ दिनों से बढ़ा है नदी का जलस्तर ग्रामीणों के मुताबिक फसलों को जानवरों से बचाने के लिए खेतों में तारों की बाड़ लगाई गई है। पिछले कुछ दिनों से सई नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पानी आसपास के खेतों तक फैल गया था। इसी दौरान युवक का शव खेत के किनारे लगी बाड़ में फंस गया। एसडीआरएफ ने शव को बाहर निकाला, जिसके बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)