LU में हॉस्टल आवंटन के खिलाफ धरने पर बैठे छात्र:3 दिन से कर रहे हैं प्रदर्शन, पात्रों को मेरिट पर हॉस्टल देने की मांग

Oct 17, 2026 - 19:21
0
LU में हॉस्टल आवंटन के खिलाफ धरने पर बैठे छात्र:3 दिन से कर रहे हैं प्रदर्शन, पात्रों को मेरिट पर हॉस्टल देने की मांग
लखनऊ विश्वविद्यालय में हॉस्टल आवंटन में कथित धांधली और भेदभाव के आरोपों को लेकर छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। छात्रों का कहना है कि अब तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर कोई उचित जवाब नहीं दिया गया है। उन्होंने खाली सीटों का हिसाब सार्वजनिक करने और मेरिट के आधार पर पात्र छात्रों को हॉस्टल आवंटित करने की मांग की। सरस्वती प्रतिमा पर जारी रहा प्रदर्शन प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि हॉस्टल आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए। पात्र होने के बावजूद जिन छात्रों को हॉस्टल नहीं मिला है, उन्हें आवंटन दिया जाए। छात्रों ने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रक्रिया से उनके साथ अन्याय हो रहा है। छात्रों ने साफ किया कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी गलती नहीं सुधारता और पात्र छात्रों को हॉस्टल आवंटित नहीं करता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। एमए लोक प्रशासन में 19वीं रैंक, फिर भी छात्रावास नहीं उन्नाव के पुरनखेड़ा, त्रिपुरारपुर निवासी कार्तिकेय पटेल ने एमए लोक प्रशासन में 19वीं रैंक हासिल की है। इसके बावजूद उन्हें छात्रावास आवंटित नहीं हुआ है। विद्यार्थियों का कहना है कि अच्छे शैक्षणिक प्रदर्शन और दूर-दराज से आकर पढ़ाई करने के बावजूद छात्रावास नहीं मिलने से उनकी पढ़ाई और रहने की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। दो साल छात्रावास में रहे, अब तीन महीने से लगा रहे चक्कर एमए प्रथम वर्ष के छात्र अनुराग सिंह तोमर का कहना है कि वह स्नातक की पढ़ाई के दौरान दो साल विश्वविद्यालय के छात्रावास में रह चुके हैं। स्नातक में 75 प्रतिशत अंक होने के बावजूद अब उन्हें छात्रावास नहीं मिला है। वह तीन महीने से आवंटन के लिए चक्कर लगा रहे हैं। उनके मुताबिक, बाहर रहने की परेशानी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ कोई नोटिस या प्राथमिकी भी नहीं है। 200 किलोमीटर दूर घर, छात्रावास नहीं मिला प्रयागराज के झलवा-दादानपुर निवासी दिव्यांश पांडेय ने बताया कि उनका घर विश्वविद्यालय से करीब 200 किलोमीटर दूर है। इसके बावजूद उन्हें छात्रावास आवंटित नहीं हुआ है। विद्यार्थियों ने मांग की है कि आधिकारिक आवंटन सूची जारी होने के बाद रिक्त बची और प्रवेश निरस्त होने से खाली हुई सीटों के आवंटन का आधार सार्वजनिक किया जाए। सीधे प्रवेश वाले करीब 50 पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को छात्रावास देने के मानक स्पष्ट किए जाएं। मेस की अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया छात्र नेता रिशेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में चल रहे धरने में नवीन और मुख्य परिसर के छात्रावासों की स्थिति तथा मेस की अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया गया। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर न्यायोचित कार्रवाई होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। 50 से अधिक विद्यार्थी शामिल रहे प्रदर्शनकारी छात्रों में रिशेंद्र प्रताप सिंह, शशांक जायसवाल अनुराग सिंह तोमर, ऋषभ मिश्रा,विकाश मिश्रा, यशवर्धन, आयुष पाठक, सौरभ गिरी, आयुष जायसवाल, अंबेश दूबे, यथार्थ सिंह, उज्ज्वल सिंह, हर्ष सिंह, आशीष सिंह, अलख मिश्रा, उमंग मिश्रा, संस्कार गुप्ता, शिवम गुप्ता, दीपांकर श्रीवास्तव, दिव्यांश पांडेय, आशुतोष यादव, केशव त्रिपाठी, विशाल द्विवेदी और प्रांजल उपाध्याय समेत 50 से अधिक विद्यार्थी शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User