मैनपुरी में प्रेम-प्रसंग के चलते बेटी को गोली मारी:अस्पताल में भर्ती, सोते समय सिर के पीछे लगी गोली; आरोपी पिता गिरफ्तार
मैनपुरी में प्रेम प्रसंग से क्षुब्ध एक पिता ने अपनी ही 18 वर्षीय बेटी को तमंचे से गोली मार दी। गोली युवती के सिर के पिछले हिस्से में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव दिवलपुर में सोमवार दोपहर की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पिता ने बेटी को तमंचे से गोली मार दी गांव दिवलपुर निवासी आसीन खान पुत्र खुदाबख्श की 18 वर्षीय पुत्री साजिया बानो का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। साजिया उस युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन पिता इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। इसी बात को लेकर घर में काफी दिनों से तनाव चल रहा था। सोमवार दोपहर करीब दो बजे साजिया अपनी मां और बहन के साथ कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आसीन खान तमंचा लेकर कमरे में दाखिल हुआ और सो रही बेटी पर फायर झोंक दिया। गोली की आवाज सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लहूलुहान हालत में युवती को तुरंत उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया घटना की जानकारी मिलते ही थाना एलाऊ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अरुण कुमार और क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी अशोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। एएसपी नगर अरुण कुमार ने बताया- प्रेम प्रसंग के विवाद में पिता द्वारा अपनी बेटी पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। आरोपी पिता को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)