मैनपुरी में ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर,युवक की मौत:पूर्व चेयरमैन था नाती, साथी गंभीर; ट्रॉमा सेंटर रेफर
मैनपुरी के कुरावली में हाईवे की सर्विस रोड पर रविवार शाम को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय फुरहान की सोमवार की रात 8 बजे आगरा ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी कैफ गंभीर रूप से घायल है। दोनों युवक कुरावली के पूर्व चेयरमैन डॉ. मुन्ने खां के पौत्र बताए जा रहे हैं। डॉ. जिलानी का बेटा फुरहान (18) और डॉ. यासीन का बेटा कैफ रविवार शाम बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सर्विस रोड पर सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर कैफ को फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, फुरहान की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए परिजन उसे आगरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। फुरहान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)