मामी से संबंध के शक में भांजे की हत्या:मामा-ममेरे भाई ने डंडे से सिर पर वार कर मारा, शव दुकान के बाहर छोड़ा, दोनों गिरफ्तार
बांदा में मामी से अफेयर के शक में 20 साल के युवक की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों युवक के मामा और उसके ममेरे भाई ने शव को घर से करीब 25 मीटर दूर बंद दुकान के बाहर ले जाकर छोड़ दिया। घटना 14 अक्टूबर की रात की है। युवक दुर्गा पूजा देखने मामा के घर आया था। युवक के पिता ने आरोपी मामा और उसके बेटे के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब जानिए पूरा मामला जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर पैलानी थाना के पैलानी डेरा गांव का रहने वाला आलोक निषाद (20) सूरत में एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था। आलोक के पिता सूरज प्रसाद खेती किसानी करते हैं। एसपी पलाश बंसल के मुताबिक, आलोक 13 अक्टूबर को सूरत से अपने गांव आया था। बुधवार 14 अक्टूबर की रात आलोक, दुर्गा पूजा देखने के बाद वह अपने मामा जगन्नाथ निषाद के घर गया था। वहां वह अपनी मामी के साथ था। इसी दौरान जगन्नाथ की नींद खुल गई और उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद उसने आलोक के सिर पर डंडे से वार कर दिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। शव दुकान के बाहर तख्त पर छोड़ा एसपी के मुताबिक, वारदात के बाद जगन्नाथ उर्फ गेद्दू और राजा भइया उर्फ रज्जा ने आलोक के शव को घर से कुछ दूरी पर बंद दुकान के बाहर रखे तख्त पर छोड़ दिया। सूचना मिलने पर पैलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पिता ने विवाद में हत्या किए जाने का लगाया था आरोप मृतक के पिता सूरज प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि शराब पीने के लिए मोबाइल देने के बदले रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में उनके बेटे की हत्या की गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जगन्नाथ उर्फ गेद्दू और राजा भइया उर्फ रज्जा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वहीं, एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह मामी से अवैध संबंधों का शक सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बांदा-सुमेरपुर मार्ग पर पकड़े गए आरोपी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पैलानी डेरा से आगे बांदा-सुमेरपुर मार्ग पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)