मां ने मासूम को फेंका, फिर छत से कूदी:शादी की सालगिरह पर विवाद, दो दिन बाद तोड़ा दम; पति ने बच्ची को बचाया

Oct 11, 2026 - 14:22
0
मां ने मासूम को फेंका, फिर छत से कूदी:शादी की सालगिरह पर विवाद, दो दिन बाद तोड़ा दम; पति ने बच्ची को बचाया
कानपुर के गुजैनी में शादी की तीसरी सालगिरह पर जिस घर में कुछ देर पहले तक खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। केक काटने और खुशियां मनाने के बाद देर रात परिवार में हुए विवाद के दौरान एक महिला ने अपनी 14 माह की मासूम बच्ची को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। इसके बाद खुद भी छत से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि नीचे मौजूद पति ने बच्ची को कैच कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, छत से कूदने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे पहले निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां दो दिन तक चले उपचार के बाद रविवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची गुजैनी पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बड़ी बहन के जाने से नाराज हुई महिला गुजैनी थाना क्षेत्र के मर्दनपुर निवासी नूर आलम सिलाई कारीगर हैं। परिवार में उनकी पत्नी रोशनी (20) और 14 माह की बेटी थी। नूर आलम ने बताया कि सात अक्टूबर को उनकी शादी की तीसरी सालगिरह थी। इस मौके पर रोशनी की बड़ी बहन ईशरत भी घर आई थीं। परिवार के लोगों ने साथ मिलकर केक काटा और खुशी मनाई। इसके बाद सभी ने साथ बैठकर खाना खाया। बताया गया कि देर रात किसी बात को लेकर नूर आलम और उनकी साली ईशरत के बीच बहस हो गई। विवाद से नाराज होकर ईशरत घर से जाने लगीं। इस पर रोशनी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह जाने की जिद पर अड़ी रहीं। बड़ी बहन के घर से जाने से नाराज रोशनी अपनी 14 माह की बच्ची को लेकर घर की दूसरी मंजिल पर पहुंच गईं। पति ने बच्ची को कैच कर बचाई जान परिजनों के मुताबिक, दूसरी मंजिल पर पहुंचने के बाद रोशनी ने पहले अपनी मासूम बच्ची को नीचे फेंक दिया। नीचे मौजूद नूर आलम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को कैच कर लिया। इसके बाद रोशनी ने भी दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर पहले तक सालगिरह की खुशियां मना रहे घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में रोशनी और बच्ची को पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई, जबकि रोशनी गंभीर रूप से घायल थीं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक होने पर नौ अक्टूबर को उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। दो दिन तक चला इलाज, रविवार सुबह तोड़ा दम हैलट अस्पताल में रोशनी का उपचार चल रहा था। परिजन उनके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। रविवार सुबह डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रोशनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शादी की सालगिरह पर शुरू हुई खुशियां कुछ ही देर में ऐसी त्रासदी में बदल गईं, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की जानकारी मिलने पर गुजैनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User