माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में प्रवेश की तारीख बढ़ी:समर्थ पोर्टल पर अब 6 अक्टूबर तक होंगे एडमिशन, परीक्षा फॉर्म 12 अक्टूबर तक भर सकेंगे
मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल पर प्रवेश की तिथि बढ़ाकर 6 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 12 अक्टूबर कर दी गई है। यह निर्णय विश्वविद्यालय में परीक्षा से संबंधित समस्याओं को लेकर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई बैठक में लिया गया। बैठक में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में परीक्षा फॉर्म भरने में आ रही दिक्कतों पर बिंदुवार चर्चा की गई। कुलपति ने कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक को तत्काल समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 12 अक्टूबर तक बढ़ाने को कहा। कुलपति ने विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर सभी पाठ्यक्रमों को अपलोड कराने के निर्देश भी कुलसचिव को दिए। बैठक में कुलसचिव ने बताया कि संबद्ध महाविद्यालयों की ओर से समर्थ पोर्टल पर प्रवेश की तिथि बढ़ाने का लगातार अनुरोध किया जा रहा है। इस पर कुलपति ने समर्थ पोर्टल पर प्रवेश की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर तक बढ़ाने के निर्देश दिए। कुलपति ने कहा कि सत्र 2026-27 में परीक्षाएं शासन की ओर से जारी शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार ही कराई जाएं। उन्होंने परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने और महाविद्यालयों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने पर जोर दिया। बैठक में संकायाध्यक्ष प्रो. अशोक सिंह, प्रो. भवभूति मिश्र, प्रो. गौरी शंकर द्विवेदी, प्रो. देवेन्द्र पाण्डेय, प्रो. राजमोहन शर्मा, प्रो. सूबेदार यादव, कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)