सोनभद्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:डीएम ने मारकुंडी में घर-घर जाकर लोगों को किया जागरूक
सोनभद्र में संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत गुरुवार को सदर विकासखंड के ग्राम पंचायत मारकुंडी से हुई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अभियान का शुभारंभ करते हुए ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग और कुष्ठ रोग से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस दौरान डीएम स्वयं ग्रामीणों के घरों तक पहुंचे और लोगों से संवाद कर साफ-सफाई व स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ जाता है। इससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। पुराने बर्तन, टायर, गड्ढे, कूलर और अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से हटाने की सलाह दी गई। डीएम ने कहा कि बुखार को सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें। परिवार में किसी सदस्य, विशेषकर बच्चे को बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या पंजीकृत चिकित्सक से परामर्श लेकर जांच और उपचार कराया जाए। समय से बीमारी की पहचान होने पर गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने माइक्रोप्लान तैयार किया है। इसमें आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम पंचायत सचिव और ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारियों को भी जोड़ा गया है। सभी विभाग आपसी समन्वय से गांवों में स्वच्छता, जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां संचालित करेंगे। 11 अक्टूबर से दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्ताओं की टीमें घर-घर पहुंचेंगी। लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी देने के साथ लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर जांच व उपचार की कार्रवाई की जाएगी। बच्चों को मच्छरों से बचाने और कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सहायता के लिए 1800-180-5145 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। गंभीर स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा की मदद ली जा सकती है। अभियान का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)