मौसम बदलने से जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ी:एक हजार से ज्यादा मरीज पहुंचे, जुकाम-बुखार और उल्टी-दस्त के मामले

Oct 03, 2026 - 14:03
0
मौसम बदलने से जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ी:एक हजार से ज्यादा मरीज पहुंचे, जुकाम-बुखार और उल्टी-दस्त के मामले
उन्नाव मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। शनिवार सुबह जिला अस्पताल की ओपीडी में एक हजार से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें सबसे अधिक मरीज जुकाम, बुखार, खांसी और वायरल जैसे लक्षणों की शिकायत लेकर आए। इसके अलावा उल्टी और दस्त से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़ी रही। अचानक बढ़ी मरीजों की भीड़ के कारण ओपीडी में अपनी बारी के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ा। शनिवार सुबह अस्पताल खुलने के साथ ही मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही शुरू हो गई। पंजीकरण काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कक्ष के बाहर तक मरीजों की भीड़ दिखाई दी। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक मौसम परिवर्तन के कारण होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को लेकर पहुंचे। कई मरीजों में सर्दी-जुकाम और बुखार के लक्षण मिले, जबकि कुछ मरीज पेट संबंधी समस्या, उल्टी और दस्त की शिकायत लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल के डॉक्टर कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस समय जुकाम की शिकायत लेकर आने वाले मरीज अधिक हैं। उन्होंने बताया कि इन्फ्लूएंजा टाइप के वायरस के कारण भी जुकाम, बुखार और अन्य इसी तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टर ने लोगों को बहुत अधिक ठंडा पानी पीने से बचने और पूरी बांह के कपड़े पहनने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। ऐसे में शरीर को ढककर रखना और मच्छरों से बचाव करना जरूरी है। उन्होंने खानपान में भी सावधानी बरतने की सलाह दी। ताजा और साफ भोजन करने तथा खुले या बासी खाद्य पदार्थों से बचने को कहा। ऐसे भोजन से उल्टी-दस्त जैसी समस्या हो सकती है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मौसम परिवर्तन के साथ वायरल और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में उतार-चढ़ाव हो रहा है। सामान्य दिनों की अपेक्षा ओपीडी में मरीजों की भीड़ अधिक रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User