मायावती के आने पर कई गुना ज्यादा लोग जुटेंगे:बसपा के पूर्व मंत्री गिरीश चंद्र बोले- चंद्रशेखर की सभा को जनसैलाब नहीं कह सकते
संभल में बसपा के पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री गिरीश चंद्र ने चंदौसी में हाल ही में आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद की सभा में जुटी भीड़ को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सभा में बड़ी संख्या में लोगों को जुटाया जा सकता है, लेकिन बसपा प्रमुख मायावती के संभल आगमन पर इससे कई गुना अधिक जनसमूह जुटेगा। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद की सभा में जुटी भीड़ को जनसैलाब मानने से इनकार किया। गुरुवार को गिरीश चंद्र संभल कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय स्थित बसपा नेता रफत उल्ला उर्फ नेता छिद्दा के आवास पहुंचे। यहां नौ अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक हुई। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी।
गिरीश चंद्र ने बताया कि बसपा के संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर नौ अक्टूबर को स्मारक में पुष्प अर्पित करने का कार्यक्रम है। इसमें संभल जिले से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर बैठकें कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। चंद्रशेखर आजाद के मायावती के साथ काम करने की इच्छा जताने वाले हालिया बयान पर भी गिरीश चंद्र ने प्रतिक्रिया दी। चंद्रशेखर ने संभल में कहा था कि उन्होंने अपनी ओर से प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली और ‘‘ताली एक हाथ से नहीं बजती’’।
गिरीश चंद्र ने कहा कि मायावती बसपा की बड़ी नेता हैं। यदि चंद्रशेखर आजाद उनसे बातचीत करना चाहते हैं तो उन्हें स्वयं पहल करते हुए मायावती से बात करनी चाहिए। उन्होंने किसी संभावित राजनीतिक समन्वय को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की। चंद्रशेखर आजाद की हालिया चंदौसी सभा में बड़ी भीड़ जुटने और बैरिकेडिंग टूटने की खबर भी सामने आई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)