भूतेश्वर स्टेशन पर 5 ट्रेनों का ठहराव रद्द:रेलवे विकास कार्य के चलते 14 दिन तक बंद रहेगा, यात्रियों को होगी परेशानी
मथुरा में भूतेश्वर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या-1 हटाकर नई अप मुख्य रेल लाइन बिछाने के कार्य के चलते पांच ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया गया है। 2 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक इन ट्रेनों का भूतेश्वर स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। रेलवे के इस फैसले से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन की ओर से भूतेश्वर स्टेशन पर रेल अवसंरचना के विकास और नई रेल लाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत प्लेटफॉर्म संख्या-1 को हटाकर नई अप मुख्य लाइन बिछाई जानी है। निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा कराने और रेल परिचालन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके चलते 14 दिनों तक पांच दैनिक ट्रेनों का भूतेश्वर स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 64958 पलवल-आगरा कैंट, 64074 नई दिल्ली-धौलपुर, 64016 शकूर बस्ती-मथुरा जंक्शन, 64904 गाजियाबाद-मथुरा जंक्शन और 64910 शकूर बस्ती-मथुरा जंक्शन का ठहराव अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है। यह व्यवस्था प्रारंभिक स्टेशन से 2 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। भूतेश्वर स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली, पलवल, आगरा और आसपास के क्षेत्रों के लिए आवागमन करते हैं। इन ट्रेनों के ठहराव निरस्त होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य दैनिक यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ेगा। यात्रियों को दूसरे स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त समय और दूरी तय करनी पड़ सकती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में यात्रा करने से पहले ट्रेनों के ठहराव और परिचालन से जुड़ी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, जिससे स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की असुविधा न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)