मछली के बंटवारे के विवाद में बांके से हमला:सीतापुर में एक युवक गंभीर घायल, बीच-बचाव करने पहुंचे पति-सास को भी धमकी
सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के जामिन नगर मजरा पतवारा में शनिवार शाम करीब 6 बजे तालाब में डाली गई मछलियों के हिस्से को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर बांका से हमला करने और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। जामिन नगर निवासी प्रियंका पत्नी पप्पू भार्गव ने बताया कि उसके मामा ऊदन पुत्र नत्था ने तालाब में मछलियां डाली थीं। आरोप है कि अशरफ अली मछलियों में अपना हिस्सा मांग रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रियंका के अनुसार, उसने और उसके पति पप्पू ने दोनों पक्षों को समझाते हुए फिलहाल विवाद न करने और बाद में मछलियों का हिसाब करने की बात कही।
आरोप है कि इसी दौरान अशरफ अली, साकिर अली, मनोज पुत्र मोहम्मद हुसैन, सलमान और जाबिर की पत्नी ने ऊदन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रियंका का आरोप है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए ऊदन पर जान से मारने की नीयत से बांका से हमला कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडों और लात-घूंसों से भी मारपीट की गई। घटना में ऊदन गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रियंका के मुताबिक, वह, उसके पति पप्पू और उसकी सास बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मछली पालन को लेकर विवाद हुआ है। घायलों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)