प्रतापगढ़ में लोहे का गेट गिरने से मासूम की मौत:8 साल की बच्ची घायल, खेलते समय गेट के नीचे दबा
प्रतापगढ़ में शनिवार रात बच्चों के खेलते समय लोहे का गेट अचानक गिर गया। गेट के नीचे दबकर छह वर्षीय कार्तिकेय शर्मा की मौत हो गई, जबकि करीब आठ वर्षीय शिवन्या मिश्रा घायल हो गई। शिवन्या का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मामला के नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे ईश्वरनाथ का है। बताया गया कि शनिवार रात करीब 7:40 बजे कार्तिकेय शर्मा पुत्र आशीष शर्मा मानधाता, अपनी बुआ के घर पूरे ईश्वरनाथ आया था। वहां कार्तिकेय और पड़ोस की शिवन्या मिश्रा गेट के पास खेल रहे थे। इसी दौरान जर्जर दीवार से लगा लोहे का गेट अचानक दोनों बच्चों के ऊपर गिर गया। हादसे में कार्तिकेय गेट के नीचे दब गया। परिजनों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवन्या भी हादसे में घायल हुई है। परिजनों के अनुसार, उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। मुंबई में नौकरी करते हैं पिता मासूम की मौत के बाद उसकी मां पम्मी शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। कार्तिकेय के पिता आशीष शर्मा मुंबई में निजी नौकरी करते हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद वह मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है। सूचना पर नगर कोतवाली प्रभारी सुभाष यादव पुलिस बल के साथ मौके और जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं हादसे की जानकारी मिलने पर मानधाता थाना प्रभारी धनंजय राय भी पुलिस टीम के साथ बुकनापुर गांव पहुंचे। सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि लोहे के गेट पर झूलते समय वह गिर गया, जिससे दोनों बच्चे घायल हुए। परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां छह वर्षीय कार्तिकेय को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आठ वर्षीय शिवन्या का इलाज चल रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)