मेड़ विवाद में किसान की हत्या:बुलंदशहर में पड़ोसी किसान और उसके बेटों ने फावड़ा मारकर ली जान, तीनों आरोपी पकड़े गए

Oct 14, 2026 - 13:45
0
मेड़ विवाद में किसान की हत्या:बुलंदशहर में पड़ोसी किसान और उसके बेटों ने फावड़ा मारकर ली जान, तीनों आरोपी पकड़े गए
बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के गांव ढकोली में सोमवार को खेत पर काम करने गए 58 वर्षीय किसान अनवार की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मेड़ काटने के विवाद को लेकर पड़ोसी किसान और उसके बेटों ने फावड़े की मूंद से वारकर अनवार की जान ले ली और शव को ज्वार के खेत में छिपा दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के पुत्र अंसार ने बताया कि उनके पिता अनवार सोमवार सुबह करीब दस बजे घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकले थे। दिनभर घर न लौटने और शाम तक फोन न उठाने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। शाम करीब छह बजे जब परिजन खेत पर पहुंचे, तो वहां अनवार का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया उनके चेहरे, सिर और गर्दन पर धारदार हथियार या भारी वस्तु से वार के गहरे घाव के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, सीओ सिटी अनिल कुमार शाही और अगौता थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। बुलंदशहर एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक अनवार के खेत के बगल में ही मोहम्मद रफीक का खेत है। घटना के दिन रफीक अपने दो बेटों मुस्लिम और मोहसिन के साथ खेत पर काम कर रहा था। आरोप है कि वे अनवार के खेत से मेड़ की मिट्टी काटकर अपने खेत में डाल रहे थे। अनवार द्वारा इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपियों ने फावड़े की मूंद से अनवार पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को ज्वार के खेत में छिपा दिया और फावड़े को ट्यूबवेल पर छुपा दिया था। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद रफीक और उसके दोनों बेटों मुस्लिम व मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया है। अनवार के चार बेटे हैं, जिनमें इस्राइल, इकरार, इसरार और अंसार शामिल हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User