मेडिकोलीगल रिपोर्ट के नाम पर रिश्वत मांगने की जांच शुरू:हाईकोर्ट के आदेश पर लखनऊ मंडल के एडी हेल्थ और जेडी पैरामेडिकल ने दर्ज किए बयान
उन्नाव जिला अस्पताल के एक्सरे विभाग में मेडिकोलीगल रिपोर्ट बनाने के नाम पर रुपये मांगने के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। उच्च न्यायालय के आदेश पर गुरुवार को लखनऊ मंडल के एडी हेल्थ डॉ. जीपी गुप्ता और जेडी पैरामेडिकल सुनील कुमार वर्मा जांच करने सीएमओ कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक शिकायतकर्ता और एक्सरे विभाग में तैनात टेक्नीशियनों के बयान दर्ज किए। साथ ही पुराने अभिलेखों की भी पड़ताल की गई। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट उच्च न्यायालय को सौंपी जाएगी। रुपये न देने पर रिपोर्ट नहीं बनाने का आरोप माखी थाना क्षेत्र के राम सिंह खेड़ा गांव निवासी रामआसरे के मुताबिक, सितंबर 2025 में जिला अस्पताल में उनका एक्सरे हुआ था। आरोप है कि एक्सरे की मेडिकोलीगल रिपोर्ट तैयार करने के लिए विभागीय कर्मचारियों ने उनसे रुपये मांगे। उन्होंने रुपये देने में असमर्थता जताई तो उनकी रिपोर्ट नहीं बनाई गई। रामआसरे का कहना है कि रिपोर्ट न बनने के कारण वह प्राथमिकी दर्ज नहीं करा सके। उन्होंने मामले की शिकायत स्थानीय स्तर पर की, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट के आदेश पर शुरू हुई जांच मामले को संज्ञान में लेते हुए उच्च न्यायालय ने एडी हेल्थ डॉ. जीपी गुप्ता और जेडी पैरामेडिकल सुनील कुमार वर्मा को जांच सौंपी है। गुरुवार को दोनों अधिकारी दोपहर बाद सीएमओ कार्यालय पहुंचे और शिकायतकर्ता रामआसरे का बयान दर्ज किया। इसके बाद एक्सरे विभाग में तैनात टेक्नीशियन वीरेंद्र और आशीष को भी बयान देने के लिए बुलाया गया। अधिकारियों ने संबंधित पुराने अभिलेखों की जांच कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। एडी हेल्थ डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता और एक्सरे टेक्नीशियनों के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट उच्च न्यायालय को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच के दौरान जेडी की तबीयत बिगड़ी, इमरजेंसी में कराया ईसीजी जांच में शामिल जेडी पैरामेडिकल डॉ. सुनील कुमार वर्मा की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उल्टी की शिकायत होने पर उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनका ईसीजी किया, जिसकी रिपोर्ट सामान्य आई। कुछ देर बाद तबीयत में सुधार होने पर वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)