‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा:जीआईसी में हुई प्रतियोगिता; नपाध्यक्ष बोले- सेवा का रंग राष्ट्र के संग होगा, तभी बनेगा विकसित भारत
मिर्जापुर के राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर रंगोली, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने इसमें उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने रंगों और शब्दों के जरिए विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की अपनी कल्पनाओं को सामने रखा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता दिखाई। किसी ने रंगोली के जरिए विकसित भारत की तस्वीर उकेरी तो किसी ने निबंध और चित्रों के माध्यम से देश के भविष्य की कल्पना प्रस्तुत की। बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहा। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनाओं की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। ‘सेवा का रंग राष्ट्र के संग होगा, तभी बनेगा विकसित भारत’ नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि ‘विकसित भारत तभी बनेगा, जब सेवा का रंग राष्ट्र के संग होगा।’ व्यक्ति किसी भी प्रोफेशन में हो, उसके अंदर राष्ट्र सेवा की भावना होनी चाहिए। जिस क्षेत्र में काम करें, यह भाव रखें कि देश हमारा है और देशवासी हमारे हैं। उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ काम करने पर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। विद्यार्थी ही विकसित भारत की नींव नपाध्यक्ष ने कहा कि आज के प्रतिभाशाली विद्यार्थी ही कल के विकसित और सशक्त भारत की नींव हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलता है और उन्हें देश के भविष्य के बारे में सोचने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे विषय विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं और विचारों को रचनात्मक तरीके से व्यक्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। युवाओं की ऊर्जा से राष्ट्र निर्माण पर जोर श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और देश की बड़ी आबादी युवाओं की है। यदि युवा अपनी क्षमता, प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें तो विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में देर नहीं लगेगी। कार्यक्रम में हेमंत त्रिपाठी, पं. भावेश शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी, विद्यालयों के शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)