मेरठ-दूसरी डेयरी पर काम करने पर कर्मचारी को पीटा:मालिक ने बंधक बनाया, भैंस का यूरिन पिलाने की कोशिश का आरोप
मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में दूसरी डेयरी पर दूध निकालने में मदद करना एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि इससे नाराज डेयरी संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारी को बंधक बनाकर पीटा। इतना ही नहीं, उसे भैंस का यूरिन पिलाने की कोशिश भी की गई। पीड़ित ने मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्द कहने और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है। घटना शनिवार रात सेक्टर-8 की है। पीड़ित मुकेश कुमार के परिजन उसे लेकर मेडिकल थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि समझौते के बावजूद मामले में कार्रवाई जारी है। दूसरी डेयरी पर दूध निकालने से नाराज हुआ मालिक मुकेश कुमार के मुताबिक, वह कई वर्षों से एक डेयरी पर कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा है। शनिवार रात वह पैसों के लालच में दूसरी डेयरी पर दूध निकालने पहुंच गया। इसकी जानकारी उसके मालिक को हो गई। दूसरी डेयरी पर उसे काम करते देख संचालक नाराज हो गया और विवाद शुरू हो गया। कमरे में बंद कर पीटने का आरोप पीड़ित का आरोप है कि डेयरी संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। उसे बुरी तरह पीटने के बाद एक कमरे में बंद कर दिया गया। इस दौरान जातिसूचक शब्द कहे गए और उसके साथ अभद्रता की गई। मुकेश ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे भैंस का यूरिन पिलाने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलने पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ लेकर थाने गए। थाने में दोनों पक्षों के बीच हुआ समझौता मेडिकल थाने में मुकेश के परिजनों ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। इसके बाद उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस बोली- मामले में कार्रवाई जारी सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरिया ने बताया कि एक पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई थी। इसके बाद दूसरा पक्ष भी थाने पहुंचा। दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है। हालांकि, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस स्तर से कार्रवाई जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)