मेरठ की CCSU में बाहरी कार्यक्रम होने से छात्र नाराज:छात्र नेताओं ने रजिस्ट्रार की कुर्सी पर लगाया : आप अपने कार्यों से बचते है का स्टीकर
मेरठ की चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में फीस बढ़ोतरी, टेंडर प्रक्रिया, सफाई व्यवस्था और सभागारों में होने वाले बाहरी कार्यक्रमों को लेकर छात्रों ने सवाल उठाए हैं। छात्र नेता शुभम मलिक और अमित मलिक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र बुधवार को रजिस्ट्रार कार्यालय पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान छात्र नेताओं ने वहां रजिस्ट्रार के मौजूद न होने से नाराज होकर आप अपने कार्य से बचते हैं का स्टीकर उनकी कुर्सी पर लगा दिया और प्रदर्शन जारी रखा। छात्रों का कहना है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह और अटल सभागार में होने वाले बाहरी कार्यक्रमों पर रोक लगाई जानी चाहिए। इन कार्यक्रमों के दौरान आए दिन विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति बनती है। इससे विश्वविद्यालय के अन्य छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। छात्रों ने विश्वविद्यालय में पुरानी ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को दोबारा टेंडर दिए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इससे डिग्री, मार्कशीट, परीक्षा फॉर्म समेत अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। छात्रों ने सभी कंपनियों के टेंडर की दोबारा जांच कराने और विश्वविद्यालय से जुड़े डिग्री व दस्तावेज संबंधी कार्य विश्वविद्यालय परिसर में ही कराने की मांग की है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों की फीस बढ़ाए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। छात्रों का दावा है कि कई पाठ्यक्रमों की फीस करीब 70 प्रतिशत तक बढ़ाई जा चुकी है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब छात्रों के सामने पढ़ाई जारी रखने में परेशानी खड़ी हो रही है। छात्रों ने फीस वृद्धि वापस लेने या उस पर पुनर्विचार करने की मांग की। इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई गई। छात्रों ने कहा कि सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए पहले भी ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद परिसर में पर्याप्त सफाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। छात्रों ने प्रशासन से सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)