मेरठ में 10 अक्टूबर को होगी ‘GEN-Z कल्चरल नाइट’:‘एक शाम अग्रसेन जी के नाम’ कार्यक्रम में भजन-जैमिंग के साथ होगा डांडिया
श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की ओर से महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती की पूर्व संध्या पर ‘एक शाम अग्रसेन जी के नाम’ कार्यक्रम 10 अक्टूबर को शाम 7 बजे से दिल्ली रोड स्थित वीनस गार्डन में आयोजित किया जाएगा। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रस्ट के महामंत्री गिरीश बंसल ने बताया कि कार्यक्रम में 4000 से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को एकजुट करना और युवा पीढ़ी को संस्कृति, संस्कार और सेवा के कार्यों से जोड़ना है। महाराजा अग्रसेन जी के ‘एक ईंट और एक रुपया’ के संदेश के माध्यम से सहयोग, समानता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में वृंदावन का सनातन्स रॉक बैंड प्रस्तुति देगा। इसके साथ ‘जेन-ज़ी कल्चरल नाइट’ में भजन, जैमिंग और डांडिया का आयोजन होगा। कार्यक्रम में 1000 किलो फूलों की होली भी विशेष आकर्षण रहेगी। गिरीश बंसल ने बताया कि ट्रस्ट मानव सेवा, प्रकृति सेवा और पशु सेवा को मुख्य उद्देश्य मानकर काम करता है। इसी के तहत समय-समय पर अलग-अलग सेवा कार्य किए जाते हैं। 12 अगस्त को भी ट्रस्ट की ओर से आयोजन कर 500 गरीब महिलाओं को साड़ी वितरित की गई थी। इसके अलावा पशु सेवा और प्रकृति सेवा के क्षेत्र में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। युवाओं को जोड़ना मुख्य उद्देश्य गिरीश बंसल ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से युवा पीढ़ी को जागरूक कर उन्हें अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भजन और डांडिया जैसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने का प्रयास है। यह पहला आयोजन है, जिसमें यह देखने का प्रयास किया जा रहा है कि समाज के युवा कितनी संख्या में परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं की अच्छी भागीदारी रहती है तो आगे इसी दिशा में और योजनाएं बनाई जाएंगी। उन्होंने समाज की घटती जनसंख्या पर भी चिंता जताई। कहा कि इस विषय पर युवाओं और परिवारों को गंभीरता से विचार करना चाहिए। परिवारों के आपसी निर्णय, स्वास्थ्य और परिस्थितियों का सम्मान करते हुए जनसंख्या वृद्धि और भावी पीढ़ियों के संस्कारपूर्ण पालन-पोषण पर ध्यान देने की जरूरत है। ये होंगे मुख्य अतिथि कार्यक्रम में कानपुर से रिमझिम इस्पात के चेयरमैन योगेश अग्रवाल, मेरठ से डॉ. ओपी अग्रवाल, डॉ. सरोजनी अग्रवाल, पूर्व सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश, और अमित गर्ग (मूर्ति), कोषाध्यक्ष भाजपा मेरठ महानगर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गिरीश बंसल ने कहा कि ट्रस्ट केवल किसी विशेष वर्ग के लिए काम नहीं करता, बल्कि समय-समय पर सभी के साथ मिलकर मानव सेवा, पशु सेवा और प्रकृति सेवा के कार्य करता है। उन्होंने मेरठ की जनता से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि एंट्री फ्री रहेगी, लेकिन प्रवेश पत्र के माध्यम से ही होगा। प्रेस वार्ता में अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, अशोक चौधरी, कार्यालय मंत्री कु. अनुराधा, पुलकित अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अजय जिंदल, अजय गोयल, मुकेश गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल, एसएन बंसल, दीपक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)