मेरठ में 3km लंबा जाम, एंबुलेंस फंसी:हापुड़ अड्डे तक रेंगते रहे वाहन, राहगीरों को हुई परेशानी
मेरठ के हापुड़ रोड पर सोमवार रात भीषण जाम लगने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इव्ज चौराहे से हापुड़ अड्डे तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालात ऐसे रहे कि वाहन चालकों को तीन किलोमीटर का रास्ता पार करने में करीब आधा घंटा लग गया। जाम में एंबुलेंस भी फंस गई, जबकि मौके पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। सोमवार रात करीब 7:30 बजे से 8 बजे तक हापुड़ रोड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कार, बाइक और अन्य वाहन चालक जाम में फंसे रहे। वाहन धीरे-धीरे रेंगते दिखाई दिए। जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। 3 तस्वीरें देखिए… जाम में फंसी एंबुलेंस, नहीं मिला रास्ता जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि एंबुलेंस भी वाहनों के बीच फंस गई। ऐसे में आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी सवाल खड़े हुए। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारों के कारण एंबुलेंस को निकलने में परेशानी हुई। जाम खुलवाने और यातायात को सुचारु कराने के लिए मौके पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आई। चौकी के अंदर बैठे रहे पुलिसकर्मी स्थानीय लोगों के मुताबिक, जाम के दौरान हापुड़ रोड स्थित हासमपुरा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी चौकी के अंदर ही बैठे रहे। सड़क पर जाम से जूझ रहे लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिसकर्मी बाहर आकर यातायात व्यवस्थित करते नजर नहीं आए। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। जाम का असर केवल वाहन चालकों पर ही नहीं, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों पर भी पड़ा। सड़क पार करने और जाम से निकलने के लिए राहगीरों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लोगों को उम्मीद थी कि पुलिस मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराएगी, लेकिन जाम के दौरान उन्हें खुद ही रास्ता निकालने की कोशिश करनी पड़ी। इस घटना ने शहर की यातायात व्यवस्था और व्यस्त मार्गों पर पुलिस की तैनाती को लेकर सवाल खड़े कर दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)