मेरठ में डीएवी रीजनल स्पोर्ट्स का हुआ समापन:तीन दिन चली प्रतियोगिता में अलग-अलग डीएवी स्कूलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

Oct 05, 2026 - 19:19
0
मेरठ में डीएवी रीजनल स्पोर्ट्स का हुआ समापन:तीन दिन चली प्रतियोगिता में अलग-अलग डीएवी स्कूलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
डीएवी पब्लिक स्कूल, मेरठ की ओर से आयोजित डीएवी रीजनल स्पोर्ट्स 2026 प्रतियोगिता 3 अक्टूबर से शुरू हुई थी। तीन दिन तक चली प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, मेयर हरिकांत अहलूवालिया और डीएवी स्कूल्स यूपी जोन-ए की क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अल्पना शर्मा मौजूद रहीं। प्रतियोगिता में अलग-अलग डीएवी स्कूलों के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा दिखाई। एथलेटिक्स में रहा रोमांच समापन दिवस पर एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं कराई गईं। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ के साथ रिले रेस, लॉन्ग जंप, हाई जंप, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और जेवलिन थ्रो हुए। खिलाड़ियों के बीच कई मुकाबले काफी रोमांचक रहे। अंडर-14 वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में डीएवी वाराणसी के अंकित कुमार पहले स्थान पर रहे। 200 मीटर में डीएवी वाराणसी के अर्णव राय और 400 मीटर में डीएवी अनपरा के आदित्य गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया। 4×100 मीटर रिले में डीएवी वाराणसी की टीम विजेता रही। अंडर-17 वर्ग में 1500 मीटर में डीएवी गंगो के पीयूष, 100 और 200 मीटर में डीएवी गेल के हर्ष राज सिंह और 800 मीटर में डीएवी प्रयागराज के विकास यादव पहले स्थान पर रहे। 4×100 मीटर रिले में डीएवी वाराणसी और 4×400 मीटर रिले में डीएवी खड़िया की टीम विजेता रही। अंडर-19 वर्ग में 1500 मीटर में डीएवी पिलखुआ के लविश गौतम, 200 मीटर में मयंक पवार और 400 मीटर में डीएवी ऊंचाहार के हरिओम दुबे ने पहला स्थान हासिल किया। 800 मीटर में डीएवी बागपत के रौनक और 100 मीटर में डीएवी ओबरा के कुणाल विजेता रहे। 4×100 मीटर रिले में डीएवी बीना और 4×400 मीटर रिले में डीएवी पिलखुआ की टीम पहले स्थान पर रही। खेलों से बढ़ता है आत्मविश्वास : तोमर राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के लिए बहुत जरूरी हैं। इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना बढ़ती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डीएवी संस्था पढ़ाई के साथ खेलों को भी बढ़ावा दे रही है। जीत के साथ खेल भावना भी जरूरी : अल्पना शर्मा डॉ. अल्पना शर्मा ने कहा कि खेल बच्चों को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना सिखाते हैं। जीत जरूरी है, लेकिन खेल भावना और अनुशासन के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना उससे भी ज्यादा जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग करने वाले स्कूल की प्रधानाचार्या, खेल विभाग, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति को बधाई दी। प्रतियोगिता में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र दिए गए। खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उत्साह से पूरा खेल परिसर खेल भावना से भर गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User