मेरठ में जयकारों के बीच निकली गणपति विसर्जन यात्रा:गुलाल उड़ाकर दी बप्पा को विदाई, 14 सितंबर को घरों-पंडालों में हुई थी गणेश स्थापना

Sep 25, 2026 - 16:57
0
मेरठ में जयकारों के बीच निकली गणपति विसर्जन यात्रा:गुलाल उड़ाकर दी बप्पा को विदाई, 14 सितंबर को घरों-पंडालों में हुई थी गणेश स्थापना
गणपति महोत्सव के आखिरी दिन शुक्रवार को शहर में गणपति विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर में अलग-अलग स्थानों पर स्थापित गणपति मूर्तियों को श्रद्धालु धूमधाम से विसर्जन के लिए लेकर निकले। प्रतिमाओं को फूलों से सजाकर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और भजनों के बीच विसर्जन यात्रा शुरू हुई। विसर्जन यात्रा में श्रद्धालु गुलाल उड़ाते हुए भजनों पर झूमते नजर आए। बच्चे, युवा और महिलाएं गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। रास्ते भर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते हुए बप्पा को विदाई दी। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। शहर में अलग-अलग क्षेत्रों से निकली विसर्जन यात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कई जगहों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों में गणपति की मूर्तियों को सजाकर ले जाया गया। युवाओं में विसर्जन को लेकर खासा उत्साह नजर आया, वहीं महिलाएं और बच्चे भी यात्रा में शामिल रहे। गणपति की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह के साथ भावुकता भी नजर आई। कई भक्तों ने बप्पा की आरती कर उन्हें विदाई दी। लोगों ने कहा कि गणपति महोत्सव के दौरान घर और पंडालों में लगातार पूजा-अर्चना से सकारात्मक माहौल बना रहा। अब बप्पा को विदा करते हुए सभी ने अगले साल फिर आने की कामना की। श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ कहते नजर आए। गणेश चतुर्थी से विसर्जन तक 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ बप्पा का स्वागत किया था। घरों और विभिन्न स्थानों पर बनाए गए पंडालों में गणपति की मूर्तियां विधि-विधान से स्थापित की गई थीं। स्थापना के बाद कई दिनों तक पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। सुबह-शाम श्रद्धालुओं ने बप्पा की आरती कर प्रसाद वितरित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गणेश चतुर्थी से शुरू हुआ यह उत्सव अब विसर्जन के साथ संपन्न हो रहा है। कई दिनों तक बप्पा की सेवा और पूजा करने के बाद शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी। विसर्जन के दौरान भक्तों ने भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। इसके साथ ही अगले साल फिर बप्पा के आगमन की कामना के साथ गणपति महोत्सव का समापन हो गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User