भीम को जेल भेजने की धमकी, 1.40 लाख रुपये वसूले:दो पर रंगदारी और धमकी का मुकदमा दर्ज, फोन पर मिली थी धमकी
देवरिया में भीम यादव को जेल भेजने की धमकी देकर 1.40 लाख रुपये वसूलने और बाद में धमकाने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम 4 बजे रंगदारी और धमकी की धाराओं में यह केस दर्ज किया। लार थाना क्षेत्र के गयागीर वार्ड निवासी अंशु की शिकायत पर मन्नान और सत्यम को नामजद किया गया है। अंशु सोनदा चौराहे पर भीम यादव के दफ्तर में काम करता है। 18 सितंबर की शाम करीब 5 बजे उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पत्रकार मन्नान बताया और कहा कि भीम को कोतवाली में बैठाया गया है। आरोप है कि मन्नान ने अंशु से पैसे का इंतजाम करने को कहा और धमकी दी कि अगर रकम नहीं मिली तो भीम को चार साल के लिए जेल भेज दिया जाएगा। शिकायत के अनुसार, इसके बाद सत्यम ने उसी नंबर से फोन किया। उसने बताया कि कोतवाल और क्षेत्राधिकारी से बात हो गई है। भीम को जेल जाने से बचाने के लिए 1.50 लाख रुपये देने होंगे। डरकर अंशु ने मन्नान और सत्यम को 70 हजार रुपये दे दिए। जान से मारने की धमकी भी दी अगले दिन दोनों ने 70 हजार रुपये और मांगे। अंशु ने यह रकम भी उन्हें दे दी। शिकायत में बताया गया है कि दो दिन बाद मन्नान और सत्यम ने 70 हजार रुपये वापस कर दिए। उन्होंने कहा कि बाकी रकम कोतवाल और सीओ को दे दी गई है। साथ ही अंशु को इस बारे में किसी को भी जानकारी न देने की चेतावनी भी दी गई। अंशु के अनुसार, जब भीम दफ्तर लौटे तो उसने उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद मन्नान और सत्यम अंशु पर वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि वीडियो डिलीट नहीं करने पर उन्होंने अंशु को जान से मारने की धमकी भी दी। अंशु ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मन्नान और सत्यम के खिलाफ रंगदारी और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए बाकी आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)