मेरठ में किसानों ने MDA की जमीन पर लिया कब्जा:ट्रैक्टर से की जुताई बोले- रूका हुआ प्रतिकर नहीं मिलने तक नहीं छोडेंगे अपने खेत

Oct 04, 2026 - 18:20
0
मेरठ में किसानों ने MDA की जमीन पर लिया कब्जा:ट्रैक्टर से की जुताई बोले- रूका हुआ प्रतिकर नहीं मिलने तक नहीं छोडेंगे अपने खेत
मेरठ के लोहियानगर में रूके प्रतिकर को लेकर किसानों का मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) के खिलाफ धरना रविवार को 24वें दिन भी जारी रहा। अधिकारियों से वार्ता में सहमति नहीं बनने के बाद किसानों ने बड़ा कदम उठाते हुए MDA द्वारा ली गई जमीन पर ट्रैक्टर चलाकर जुताई कर दी। किसानों ने जमीन पर अपना कब्जा वापस लेने का दावा किया। धरने में अहम भूमिका निभाने वाले गौरव गुर्जर काजीपुर ने कहा कि किसानों का संघर्ष जमीन और उचित प्रतिकर मिलने तक जारी रहेगा। किसानों का कहना है कि वे अपनी मांग को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका आरोप है कि प्राधिकरण ने उनकी जमीन तो ले ली, लेकिन अभी तक उन्हें पूरा प्रतिकर नहीं मिला है। ऐसे में किसान अपनी जमीन प्राधिकरण को नहीं देंगे। किसानों ने कहा कि जब तक जमीन का पूरा पैसा नहीं मिलता, तब तक वे जमीन पर खेती करेंगे और अपना संघर्ष जारी रखेंगे। दो दिन पहले MDA के अधिकारी भी किसानों के धरनास्थल पर पहुंचे थे। अधिकारियों और किसानों के बीच प्रतिकर को लेकर वार्ता हुई, लेकिन किसी समाधान पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद किसानों ने प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी की। रविवार को किसानों ने ट्रैक्टर लेकर उस जमीन पर पहुंचकर जुताई शुरू कर दी, जिसे MDA ने अपने कब्जे में लिया था। किसानों ने कहा कि यह उनकी जमीन है और पूरा प्रतिकर मिलने तक वे किसी भी कीमत पर इसे नहीं छोड़ेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User