मेरठ में लापता युवक का शव नाले में मिला:हत्या की आशंका, गर्दन पर मिले निशान, बाल कटवाने निकला था घर से

Oct 14, 2026 - 15:08
0
मेरठ में लापता युवक का शव नाले में मिला:हत्या की आशंका, गर्दन पर मिले निशान, बाल कटवाने निकला था घर से
मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव खड़ौली में बुधवार को कब्रिस्तान के पास नाले में दो दिन से लापता मजदूर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इसरार पुत्र ताहिर (30) निवासी गांव खड़ौली के रूप में हुई है। उसकी गर्दन पर निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के अनुसार, इसरार पत्थर लगाने का काम करता था। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह बाल कटवाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके करीब दो घंटे बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने कई बार फोन मिलाकर उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। काफी तलाश करने के बाद भी इसरार का पता नहीं चला तो परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार को गांव के कब्रिस्तान के पास नाले में इसरार का शव पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शव की पहचान होते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। गर्दन पर निशान मिलने के बाद परिजनों ने इसरार के साथ अनहोनी होने और उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। इसरार शादीशुदा था। उसके परिवार में पत्नी शालू और चार साल का बेटा अरहम है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस युवक के मंगलवार दोपहर घर से निकलने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, बुधवार को उसका शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User