मेरठ में नशामुक्ति केंद्र में सेना हवलदार की पीटकर हत्या:चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के वेदव्यासपुरी में स्थित आशी फाउंडेशन नशामुक्ति केंद्र में सेना के एक हवलदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को शुक्रवार को नशामुक्ति केंद्र से ही पकड़ा गया। पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें जेल भेजने की तैयारी में है। मृतक हवलदार का नाम ललित था। वह गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र के अहमदपुर चौरोली के रहने वाले थे। उनकी मां ने टीपीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ललित सेना में हवलदार थे और 18 सितंबर को नशामुक्ति केंद्र में भर्ती हुए थे। मां का आरोप है कि केंद्र में उनके बेटे के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। इस शिकायत के आधार पर टीपीनगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना में शामिल होने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें शामली के सिक्का निवासी सुधीर कुमार, शामली के ईशापुर डाडो निवासी सागर, बरेली के गंगा नगर कॉलोनी निवासी दशरथ और लुधियाना के राजापुर निवासी करनवीर शामिल हैं। इन चारों का मौजूदा पता आशी फाउंडेशन नशामुक्ति केंद्र, वेदव्यासपुरी बताया गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात में नशामुक्ति केंद्र में भर्ती मरीजों की निगरानी करते थे। ललित नया मरीज था और वह रात में काफी बेचैन था। वह बार-बार केंद्र से बाहर जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ललित और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई और धक्का-मुक्की भी हुई। आरोपियों का कहना है कि गुस्से में उन्होंने ललित के साथ मारपीट की, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के बयानों की पुष्टि के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दूसरे सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में टीपीनगर प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा, अपराध निरीक्षक चमन प्रकाश शर्मा, उपनिरीक्षक वरुण उपाध्याय, उपनिरीक्षक नुसरत अली और कांस्टेबल कपिल वर्मा शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)