मेरठ में पूर्व प्रधान हत्याकांड में फैसला टला:जज के तबादले के बाद अब 22 अक्टूबर को होगी सुनवाई

Oct 15, 2026 - 18:21
0
मेरठ में पूर्व प्रधान हत्याकांड में फैसला टला:जज के तबादले के बाद अब 22 अक्टूबर को होगी सुनवाई
मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र स्थित जंगेठी गांव के पूर्व प्रधान प्रवेश कुमार हत्याकांड में गुरुवार को आने वाला फैसला टल गया। मामले की सुनवाई कर रहे अपर जिला जज राकेश कुमार का फैसले से पहले ही रात में तबादला हो गया। अब इस मामले में 22 अक्टूबर की तारीख तय की गई है। अपर जिला जज-1 अमित वीर को कार्यभार मिलने के बाद मामला उनकी अदालत में आगे बढ़ेगा। अब नए न्यायाधीश के समक्ष मामले की सुनवाई और बहस होगी। वहीं वादी के अधिवक्ता मुकेश कुमार मित्तल द्वारा लगातार यह केस साबित कराया जा रहा है। यह हत्याकांड 15 मई 2017 का है। जंगेठी गांव निवासी पूर्व प्रधान प्रवेश कुमार और तत्कालीन प्रधानपति अर्जुन कुमार के बीच चुनावी रंजिश चल रही थी। बताया गया कि प्रवेश कुमार ने अपने घर के पास गली में पानी भरने की समस्या दूर करने के लिए प्रधानपति से कहा था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ था। आरोप है कि 15 मई 2017 को प्रवेश कुमार बाइक से अपने खेत जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे प्रधानपति अर्जुन कुमार ने अपने साथी सुरेश पाल, प्रवीण कुमार और प्रमोद के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान प्रवेश बाइक समेत नीचे गिर गए और जान बचाने के लिए पास के गन्ने के खेत में घुस गए। आरोप है कि चारों हमलावरों ने खेत में घुसकर बलकटी से वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद प्रवेश कुमार के पिता जैन सिंह ने अर्जुन कुमार, सुरेश पाल, प्रवीण कुमार और प्रमोद को नामजद करते हुए कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में दोनों पक्षों की ओर से न्यायालय में साक्ष्य और दलीलें पेश की जा चुकी हैं। वादी की ओर से अधिवक्ता मुकेश कुमार मित्तल पैरवी कर रहे हैं। गुरुवार को अपर जिला जज राकेश कुमार की अदालत में चारों दोषियों की सजा पर फैसला सुनाया जाना था, लेकिन न्यायाधीश के तबादले के चलते निर्णय नहीं हो सका। अब 22 अक्टूबर को नए न्यायाधीश अमित वीर की अदालत में मामले की आगे की कार्यवाही होगी। इसके बाद बहस और न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार निर्णय की दिशा तय होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User