महावीर जाटव को मिली जिला स्तर की जिम्मेदारी:बोले- एससी समाज को पार्टी से जोड़ने पर फोकस, 7 साल से भाजपा में सक्रिय
सम्भल में अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष महावीर जाटव की नियुक्ति को जिले में भाजपा की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति के नजरिये से देखा जा रहा है। अनुसूचित जाति समाज, खासकर जाटव समाज के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की चुनौती के बीच महावीर जाटव को मिली जिम्मेदारी चर्चा का विषय बन गई है। सोमवार को 2:00 बजे हिंदू जागृति मंच सहित विभिन्न संगठनों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने और सभी को साथ लेकर चलने की बात कही। महावीर जाटव ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। उनकी प्राथमिकता अनुसूचित जाति समाज के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना और उन्हें पार्टी से जोड़ना रहेगी। उन्होंने कहा कि वह सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे, लेकिन एससी समाज के प्रति मिली जिम्मेदारी पर विशेष ध्यान देंगे। सात साल का राजनीतिक अनुभव महावीर जाटव पिछले सात वर्षों से भाजपा में सक्रिय हैं। वह नगर अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में वार्ड नंबर चार से सभासद हैं। संगठन में स्थानीय स्तर पर काम करने के अनुभव के बाद उन्हें जिला स्तर की जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में अब उनके सामने समाज के बीच संगठन की पकड़ मजबूत करने की चुनौती रहेगी। जाटव समाज के बसपा और अन्य राजनीतिक दलों से जुड़ाव को लेकर पूछे गए सवाल पर महावीर जाटव ने कहा कि समाज के लोग भाजपा की ओर रुख कर रहे हैं और आने वाले समय में पार्टी से उनका जुड़ाव बढ़ेगा। उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अनुसूचित जाति समाज को सम्मान देती है और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को साथ लेकर चलती है। संविधान को लेकर विपक्ष के आरोपों को उन्होंने खारिज किया। राजनीतिक दृष्टि से अब महावीर जाटव की नई भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उनकी चुनौती अपने सामाजिक संपर्क को संगठनात्मक मजबूती में बदलने और जाटव समाज के बीच भाजपा की स्वीकार्यता बढ़ाने की होगी। हालांकि, उनकी नियुक्ति का वास्तविक राजनीतिक प्रभाव आने वाले समय में उनके काम और समाज के बीच पार्टी की पहुंच से ही स्पष्ट होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)