महिला एएसआई की सास से चेन-लॉकेट लूटकांड:1.5 किलोमीटर के दायरे में पुलिस ने CCTV खंगाले, घायल बुजुर्ग का कांशीराम अस्पताल में इलाज जारी

Oct 20, 2026 - 14:43
0
महिला एएसआई की सास से चेन-लॉकेट लूटकांड:1.5 किलोमीटर के दायरे में पुलिस ने CCTV खंगाले, घायल बुजुर्ग का कांशीराम अस्पताल में इलाज जारी
कानपुर के थाना चकेरी के परदेवनपुरवा में महिला एएसआई की सास से चेन और लॉकेट लूटने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में लगे 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, घटना में घायल 62 वर्षीय आशा मिश्रा की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानिए, क्या था पूरा मामला लालबंगला के परदेवनपुरवा निवासी आशा मिश्रा सोमवार रात करीब नौ बजे त्योहार की खरीदारी कर पैदल घर लौट रही थीं। घर से करीब 100 मीटर पहले पीछे से आए एक युवक ने उनका मुंह दबाकर उन्हें सड़क पर पटक दिया। इसके बाद आरोपी उनके गले से करीब सात ग्राम की सोने की चेन और लॉकेट तोड़कर गुरुद्वारे की ओर भाग निकला। विरोध करने पर बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। उनकी आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें घर पहुंचाया। बाद में हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आशा मिश्रा ने बताया था कि लालबंगला की ओर से घर लौटते समय बाइक सवार दो युवक उनका पीछा कर रहे थे। हालांकि, लूट की वारदात को एक ही युवक ने अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शी दीपू ने बताया कि, वह घर के अंदर थे, महिला की आवाज सुनकर वह दौड़े जबतक एक युवक गली के बाहर सड़क की तरफ भागता दिखा। इसके बाद उन्होंने उठाकर घर पहुंचाया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल के आसपास डेढ़ किलोमीटर के दायरे में लगे 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User