महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष की नियुक्ति पर भाजपा में असंतोष:उन्नाव में बोले- लंबे समय से संगठन में सक्रिय महिलाओं को मिले जिम्मेदारी

Oct 16, 2026 - 11:14
0
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष की नियुक्ति पर भाजपा में असंतोष:उन्नाव में बोले- लंबे समय से संगठन में सक्रिय महिलाओं को मिले जिम्मेदारी
उन्नाव में भारतीय जनता पार्टी में महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर महिला कार्यकर्ताओं में असंतोष सामने आया है। शुक्रवार को नगर अध्यक्ष महिला मोर्चा ममता द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी को ज्ञापन सौंपा। इसमें वर्तमान नियुक्ति पर पुनर्विचार करने और संगठन में लंबे समय से सक्रिय महिला कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी के लिए वर्षों से मेहनत कर रही महिलाओं की अनदेखी कर दूसरे दल से जुड़ी महिला को महत्वपूर्ण पद सौंप दिया गया। बोलीं- जमीनी स्तर पर काम करने वालों को मिले मौका ममता द्विवेदी ने कहा कि महिला मोर्चा की नई जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से संगठन की कई महिला कार्यकर्ता असंतुष्ट हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भाजपा में लंबे समय से सक्रिय और अनुभवी महिला कार्यकर्ता मौजूद हैं, तो उनमें से किसी को जिम्मेदारी क्यों नहीं दी गई? उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत है। ज्ञापन देकर नियुक्ति में संशोधन की मांग ममता द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने नगर महामंत्री नीलम सिंह के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद पर हुई नियुक्ति पर पुनर्विचार करने और जिले या नगर में सक्रिय, योग्य एवं समर्पित महिला कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देने की मांग की गई है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से बातचीत कर नियुक्ति में संशोधन कराने का आग्रह किया। बोलीं- नवनियुक्त जिलाध्यक्ष से व्यक्तिगत विरोध नहीं ममता द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष निम्मी अरोड़ा से उनका कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं है। उन्होंने कहा कि आपत्ति नियुक्ति की प्रक्रिया और संगठन में लंबे समय से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता नहीं दिए जाने को लेकर है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पार्टी में मेहनत करने वाली महिलाओं को जिम्मेदारी नहीं मिलेगी, तो उनके काम और समर्पण का सम्मान कैसे होगा? उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि संगठन में सक्रिय महिलाओं को उचित अवसर और सम्मान दिलाने के लिए है। अब इस मामले में पार्टी नेतृत्व के रुख पर महिला कार्यकर्ताओं की नजर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User