महिलाओं ने रखा निर्जला 'जितिया' व्रत:जौनपुर में विधि-विधान से पूजा कर सुनी राजा जीयुतवान की कथा
संतान की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ शनिवार को कस्बे व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जीवित्पुत्रिका (जितिया) व्रत पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को मंदिरों और पूजा स्थलों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन किया। नगर के दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर और काली मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर दोपहर बाद से ही व्रती महिलाओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। कई जगहों पर महिलाएं गाजे-बाजे के साथ समूह में पूजा करने पहुंचीं। पूजन के दौरान महिलाओं ने गोबर से बने 'गोठ' में पूजा की और एक-दूसरे को राजा जीयुतवान की कथा सुनाई। लोक परंपरा के अनुसार, पूजा संपन्न होने के बाद माताओं ने अपनी संतान की बलैया लेकर उनके सिर को सूंघने की रस्म भी पूरी की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस प्रमुख व्रत को लेकर बाजारों में भी पूरे दिन खासी चहल-पहल देखने को मिली। फलों के दाम अधिक होने के बावजूद व्रती महिलाओं ने पूजन सामग्री और फलों की जमकर खरीदारी की, जिससे फल मंडियों और प्रमुख बाजारों में दिनभर रौनक छाई रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)