महंत नरेंद्र गिरि की पांचवीं पुण्यतिथि पर समाधि पूजन:देशभर के संतों ने चढ़ाए पुष्प, वैदिक मंत्रों के बीच हुआ महाप्रसाद वितरण

Sep 26, 2026 - 19:49
0
महंत नरेंद्र गिरि की पांचवीं पुण्यतिथि पर समाधि पूजन:देशभर के संतों ने चढ़ाए पुष्प, वैदिक मंत्रों के बीच हुआ महाप्रसाद वितरण
प्रयागराज अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष और श्री मठ बाघंबरी गद्दी के पूर्व महंत महंत नरेंद्र गिरि की पांचवीं पुण्यतिथि पर शनिवार को अल्लापुर स्थित बाघंबरी गद्दी में धार्मिक अनुष्ठान और समाधि पूजन किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में साधु-संत, महामंडलेश्वर और श्रद्धालु मठ पहुंचे। सभी ने महंत नरेंद्र गिरि की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सुबह से ही बाघंबरी गद्दी में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। समाधि स्थल को फूलों और झालरों से सजाया गया था। मठ के महंत बलबीर गिरि महाराज के साथ अखाड़े के पंच परमेश्वर, महामंडलेश्वर और संतों ने विधि-विधान से समाधि पूजन किया। सबसे पहले समाधि स्थल का अभिषेक किया गया। इसके बाद पंच परमेश्वर, ब्राह्मणों और महामंडलेश्वरों की मौजूदगी में गृह शांति और विष्णु सहस्रनाम हवन कराया गया। हवन के बाद समाधि पूजन और पुष्पांजलि का कार्यक्रम हुआ। आयोजकों के अनुसार, इस धार्मिक आयोजन में एक हजार से अधिक साधु-संत शामिल हुए। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए संतों ने महंत नरेंद्र गिरि को याद किया और उनकी समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। दोपहर 12 बजे से संतों और श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी शुरू किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन शुक्रवार को भी बाघंबरी गद्दी में महंत नरेंद्र गिरि की स्मृति में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसमें सामूहिक सुंदरकांड पाठ और भक्ति कार्यक्रम हुए। शनिवार को समाधि पूजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। महंत नरेंद्र गिरि लंबे समय तक अखाड़ा परिषद से जुड़े रहे और परिषद के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। 20 सितंबर 2021 को प्रयागराज स्थित बाघंबरी गद्दी में उनका निधन हुआ था। इसके बाद 22 सितंबर 2021 को बाघंबरी गद्दी परिसर में उन्हें भू-समाधि दी गई थी। हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर यहां संत समाज और श्रद्धालु जुटते हैं। महंत बलबीर गिरि महाराज ने कहा कि पूज्य गुरुजी अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेंगे। उन्होंने देशभर से पहुंचे साधु-संतों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार जताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User