आगरा के खिलाड़ियों ने जिम्नास्टिक की स्पर्धाओं में चैंपियनशिप जीती:प्रयागराज में चल रही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाया दबदबा
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रयागराज के बीएचएस जिमनास्टिक हॉल में राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष एवं महिला जिमनास्टिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 25 से 27 सितंबर 2026 तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 10 मंडलों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन आगरा के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बनाते हुए तीनों स्पर्धाओं में चैंपियनशिप अपने नाम किया। शनिवार को हुए रोमांचक मुकाबलों में पुरुष वर्ग के वॉल्टिंग टेबल इवेंट में आगरा के रमजान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रयागराज के संकेत यादव ने दूसरा और मेरठ के अंबर ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार पुरुष वर्ग के ही पैरलल बार इवेंट में एक बार फिर आगरा के रमजान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। इस स्पर्धा में प्रयागराज के अनिकेत दूसरे और आगरा के शिवम यादव तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग के अंतर्गत बैलेसिंग बीम इवेंट में आगरा की अंजलि प्रजापति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, प्रयागराज की इशिका यादव ने द्वितीय स्थान हासिल किया और बरेली की दिव्यांशी शर्मा ने तृतीय स्थान पर संतोष किया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ सिविल लाइंस प्रयागराज के पार्षद पंकज जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया । मुख्य अतिथि का स्वागत क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव एवं चित्रकूट के क्रीड़ा अधिकारी अरविन्द कुमार सोनकर ने किया। इस अवसर पर उप क्रीड़ा अधिकारी प्रयागराज मनीष गुप्ता, उप क्रीड़ा अधिकारी प्रतापगढ़ रंजीत यादव, विवेक पाण्डेय, सौरभ शुक्ला, संजय गुप्ता, संजय कुमार सिंह, अंकित तिवारी, आशीष यादव, अतुल सोनकर, मेरठ से जिमनास्टिक कोच निर्मला, जिला जिमनास्टिक संघ आजमगढ़ से लक्ष्मण प्रसाद आदि थे। प्रतियोगिता को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने में निर्णायक मंडल के रूप में अंकित त्रिपाठी, विवेक पाण्डेय, सौरम शर्मा, आकाश तिवारी, अभिलाष प्रजापति, शुभम सोनकर, सोमनाथ प्रजापति, नीलेश कुमार, शैलेन्द्र प्रकाश सिंह और धीरज प्रताप सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का समापन 27 सितंबर 2026 को उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति विपिन चन्द्र दीक्षित की मुख्य आतिथ्य उपस्थिति में संपन्न होगा। सबजूनियर बालिका फुटबॉल ट्रायल की घोषणा
जिमनास्टिक प्रतियोगिता के साथ-साथ खेल विभाग की ओर से मण्डल की बालिकाओं के लिए फुटबॉल ट्रायल की भी घोषणा कर दी गई है। जौनपुर में 03 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय सबजूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने वाली मण्डलीय टीम के चयन के लिए जिला स्तरीय ट्रायल 28 सितंबर को अपराह्न 2:00 बजे मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में किया जाएगा। इसके बाद मण्डल स्तरीय चयन ट्रायल 29 सितंबर 2026 को अपराह्न 2:00 बजे इसी स्टेडियम में आयोजित होगा।
इस ट्रायल में भाग लेने वाली बालिकाओं की आयु 01 जनवरी 2013 से 31 दिसंबर 2014 के मध्य होनी चाहिए। क्षेत्रीय कीड़ा अधिकारी कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इच्छुक और पात्र खिलाड़ी अपने पात्रता प्रमाण-पत्र जैसे आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र की मूल प्रति के साथ ट्रायल में भाग ले सकती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)