महोबा में 36.94 क्विंटल अवैध पटाखे पकड़े,पिता-बेटों समेत 4 गिरफ्तार:मध्य प्रदेश भेजी जा रही थी 3,694 किलो की खेप, डीसीएम और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

Oct 02, 2026 - 16:08
0
महोबा में 36.94 क्विंटल अवैध पटाखे पकड़े,पिता-बेटों समेत 4 गिरफ्तार:मध्य प्रदेश भेजी जा रही थी 3,694 किलो की खेप, डीसीएम और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
महोबा में त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने 36.94 क्विंटल अवैध आतिशबाजी पकड़ी है। महोबकंठ पुलिस ने शुक्रवार को उमरई मोड़ के पास घेराबंदी कर एक डीसीएम ट्रक और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली से 3,694 किलो पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से पिता-पुत्रों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मुख्य आरोपी जलालुद्दीन ने बताया कि उसके पास पटाखे बनाने का लाइसेंस था, लेकिन वह निर्धारित सीमा से अधिक आतिशबाजी बनाकर बिना अनुमति मध्य प्रदेश में बेचने जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध पटाखों की बड़ी खेप वाहनों से ले जाई जा रही है। इसके बाद महोबकंठ पुलिस टीम ने उमरई मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान 189 कार्टून माचिस पटाखा और 50 कार्टून सुतली बम बरामद हुए। इनका कुल वजन करीब 36.94 क्विंटल निकला। लाइसेंस से ज्यादा बना रहे थे पटाखे पुलिस ने जलालुद्दीन, उसके दो बेटों रहीश और अरमान सिद्दीकी तथा शिवपुरी निवासी धर्मेंद्र राजपूत को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में जलालुद्दीन ने लाइसेंस होने की बात स्वीकार की। हालांकि, उसने निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे बनाने और उन्हें बिना अनुमति मध्य प्रदेश भेजने की बात भी बताई। पुलिस ने पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल हो रहे एक डीसीएम ट्रक और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया। वाहनों के जरूरी कागजात नहीं मिलने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सीज कर दिया गया। विस्फोटक अधिनियम के तहत केस, नेटवर्क की जांच चारों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध आतिशबाजी बनाने और उसकी आपूर्ति के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही, मध्य प्रदेश में पटाखों की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User