महोबा में 55 फीट का रावण जलेगा:मंगलवार को डाक बंगला मैदान में होगा दहन, 10 दिन में बना पुतला
महोबा में विजयादशमी का पर्व ऐतिहासिक परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत के साथ मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को शहर के डाक बंगला मैदान में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। वहीं, करीब 151 साल पुराने रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध की लीला का मंचन होगा। सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। बुंदेलखंड की ऐतिहासिक नगरी महोबा में दशहरे का पर्व उत्साह और धार्मिक निष्ठा के साथ मनाया जाएगा। रामलीला न्यास के अनुसार, पुराने रामलीला मैदान में वर्ष 1875 से 1895 के बीच शिवचरण लाल तिवारी, भगवान दास तिवारी और मुकुंद लाल तिवारी ने रामलीला की शुरुआत की थी। यह परंपरा आज भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी जारी है। मंगलवार को यहां भगवान श्रीराम के हाथों रावण वध की लीला का मंचन होगा। इसे देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। डाक बंगला मैदान में रावण का 55 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। इसे बनाने वाले मूर्तिकार नंदकिशोर रैकवार ने बताया कि वह पिछले 25 साल से अपनी गुरु शकुंतला देवी की सीख के अनुसार रावण का पुतला बना रहे हैं। करीब 10 दिनों की मेहनत से तैयार इस पुतले को लोहे के ढांचे पर घास और आतिशबाजी भरकर बनाया गया है। मंगलवार रात आतिशबाजी के बीच पुतले का दहन किया जाएगा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सीओ सिटी रविकांत गौड़ ने बताया कि विजयादशमी के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ट्रैफिक रूट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)