महोबा में भारी बारिश से पुलिया बही, रास्ता ठप:दो महीने से परेशान ग्रामीण तहसील दिवस पहुंचे, जल्द निर्माण की मांग
महोबा जिले का दिसरापुर-बिलवई मार्ग दो महीने बीत जाने के बाद भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। भारी बारिश और अतिवृष्टि के कारण दीपक सुल्लेर के खेत के पास बनी पुलिया ढह गई थी। पुलिया के साथ-साथ सड़क का एक बड़ा हिस्सा पानी में बह गया, जिससे दिसरापुर गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह कट चुका है। इस पुलिया के बह जाने से गांव का मुख्य रास्ता बिल्कुल बंद हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, किसानों और राहगीरों को उठानी पड़ रही है।ट्रैक्टर और अन्य वाहन खेत तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। अपनी रोजमर्रा की जरूरतों और पढ़ाई के लिए ग्रामीणों को रेलवे पटरी के किनारे-किनारे पानी और उबड़-खाबड़ रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे हर पल किसी बड़े हादसे का डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर 16 सितंबर को डीएम से गुहार लगा चुके हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। PWD के जेई साहब ने आकर मुआयना तो किया और जल्द बजट आने का दिलासा भी दिया, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी जस की तस बनी हुई है। अब तक न तो कोई जिम्मेदार अधिकारी हालात सुधारने पहुंचा और ना ही कोई वैकल्पिक रास्ता तैयार किया गया। दो महीने से लगातार परेशानी झेल रहे परेशान ग्रामीण आज आखिरकार अपनी फरियाद लेकर तहसील दिवस पहुंचे और मौजूद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल कड़े निर्देश देकर पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि उन्हें इस मुसीबत से राहत मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)