महोबा में दलित परिवार को धमकी देने वाला गिरफ्तार:धमकियों से परेशान होकर लगाए थे 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर
महोबा के चरखारी क्षेत्र के बमरारा गांव में दबंग की धमकियों से परेशान होकर एक दलित परिवार ने अपने घर के बाहर 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर लगा दिए थे। पीड़ित रामकिशन अनुरागी ने आरोप लगाया था कि कर्ज चुकाने के बावजूद उससे दो लाख रुपये और मांगे जा रहे थे तथा बेटी को उठाने की धमकी दी जा रही थी। मामला सुर्खियों में आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि जताई है। दरअसल, रामकिशन अनुरागी ने आरोप लगाया था कि पिछले साल उसने गांव के ही नरेंद्र राजपूत से 65 हजार रुपये उधार लिए थे। पीड़ित का दावा था कि वह मूलधन और ब्याज मिलाकर अब तक तीन लाख पांच हजार रुपये चुका चुका है, फिर भी उससे दो लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। रामकिशन का यह भी आरोप था कि रुपये देने से इनकार करने पर उसे जातिसूचक गालियां दी गईं, जान से मारने की धमकी दी गई और उसकी बेटी को उठा ले जाने की बात कही गई। पीड़ित ने चरखारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए परिवार ने घर के बाहर 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर लगा दिए थे। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। सीओ चरखारी दीपक दुबे ने बताया कि मामला दोनों पक्षों के बीच रुपये-पैसे के लेनदेन से जुड़ा है। पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताने के बाद पीड़ित परिवार ने घर के बाहर से पोस्टर हटा लिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)