संभल में बंद घर से डेढ़ लाख नकद-जेवर चोरी:परिवार शादी में गया था, बेटे ने घर लौटने पर देखे टूटे ताले; पीछे जुआ खेलने वालों पर शक
संभल के चंदौसी में बंद मकान के ताले तोड़कर चोर डेढ़ लाख रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। सोमवार शाम करीब 6:45 बजे परिवार के सदस्य ड्यूटी से घर लौटे तो ताले टूटे मिले और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने के बाद शाम 7:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना जिला मुख्यालय बहजोई से करीब 27 किलोमीटर दूर चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव जनैटा की है। गांव निवासी जाकिर पुत्र दूल्हा के घर से चोर 1.5 लाख रुपए की नकदी, सोने के दो जोड़ी झाले, दो अंगूठियां, दो पेंडल, एक टीका और चांदी की छह जोड़ी पायल चुरा ले गए। जाकिर ने पुलिस को बताया कि परिवार के लोग 18 अक्टूबर को घर बंद करके संभल के रुकनुद्दीन सराय थाना क्षेत्र में एक शादी में शामिल होने गए थे। 19 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे उनका बेटा बबलू रोज की तरह चंदौसी के एक अस्पताल में ड्यूटी पर चला गया। शाम 6:45 बजे घर लौटने पर उसे ताले टूटे मिले। अंदर कमरों में सामान बिखरा हुआ था। आबादी वाले गांव में दिनदहाड़े चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। जाकिर के बेटे अब्दुल कादिर ने बताया कि उनके पिता बाहर गए थे और मां शादी में शामिल होने गई थीं। छोटा भाई अपनी पत्नी को गांव में ही उसकी ससुराल छोड़कर चंदौसी में ड्यूटी पर चला गया था। वह खुद चंदौसी में रहता है। ड्यूटी से लौटने पर छोटे भाई ने ताले टूटने और चोरी की जानकारी दी। अब्दुल कादिर ने घर के पीछे चलने वाले जुए के अड्डे पर शक जताया। उनका कहना है कि वहां अलग-अलग तरह के लोग बैठते हैं और जुआ होने की शिकायत कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। चोरी की सूचना पर नरौली रिपोर्टिंग चौकी और थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस गांव से मुख्य सड़क तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित ने थाने में शिकायत दी है। थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)