महोबा में डम्पर पर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार:आग लगने से डम्पर जलकर खाक, चालक ने कूदकर बचाई जान
महोबा के कबरई थाना क्षेत्र में मकरबई रोड पर गुरुवार रात एक डम्पर पर 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। तार गिरते ही डम्पर में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। चालक मुकेश कुशवाहा ने कूदकर अपनी जान बचाई। यह घटना रात करीब 11 बजे हुई, जब महावीर ग्रेनाइट कंपनी का डम्पर (UP 95 AT 4871) मकरबई पहाड़ से पत्थर लादकर कबरई की ओर आ रहा था। मकरबई रोड पर पहुंचते ही ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का तार अचानक टूटकर डम्पर पर गिर गया। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही जोरदार स्पार्किंग हुई और डम्पर में तेज आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। चालक मुकेश कुशवाहा ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए जलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत कबरई थाना पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डम्पर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। अच्छी बात यह रही कि चालक समय रहते कूद गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी को चोट नहीं आई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)