महोबा में नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा:मंदिरों और 185 से अधिक पंडालों में उमड़ी भक्तों की भीड़
महोबा में शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को मां चंद्रघंटा की पूजा को लेकर शहरभर में भारी उत्साह देखा गया। सुबह से ही ऐतिहासिक बड़ी चंद्रिका देवी, छोटी चंद्रिका और विंध्यवासिनी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। कपाट खुलते ही गूंजते मंत्रोच्चार और घंटियों की आवाज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शहर के 185 से अधिक सजे हुए दुर्गा पंडालों और मेलों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महोबा शहर इन दिनों पूरी तरह से मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर मंगलवार को श्रद्धालुओं ने देवी के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भोर की पहली किरण के साथ ही शहर के प्रमुख शक्तिपीठों जैसे मां बड़ी चंद्रिका देवी,छोटी चंद्रिका, कालीदेवी मंदिर, मां माहेश्वरीदेवी, मां शीतलनदेवी, मदारन देवी, और सिंहवाहिनी मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में पूजा की थाल और चुनरी लिए कतारों में खड़े भक्तों ने मां के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार की सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। बड़ी चंद्रिका मंदिर परिसर में सजे नौ दिवसीय मेले ने इस उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया है। सजी दुकानों पर प्रसाद, खिलौने और पूजन सामग्री खरीदने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। वहीं दूसरी ओर शहर में स्थापित 185 से अधिक भव्य दुर्गा पंडालों का माहौल देखते ही बनता है। विशेष रूप से आल्हा चौक पर सजा भव्य पंडाल हर आने-जाने वाले अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। सुबह-शाम होने वाली महाआरती में गूंजते माता के भजन और जय माता दी के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा है। त्योहार के इस उल्लासपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सभी प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले पंडालों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के मां के दर्शन कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)