महराजगंज के निचलौल-सोहगीबरवा में बाढ़ का पानी घटा:70 सफाईकर्मी और 15 लेखपाल राहत-सर्वे में जुटे, 400 परिवारों को राहत किट बांटी

Oct 04, 2026 - 11:15
0
महराजगंज के निचलौल-सोहगीबरवा में बाढ़ का पानी घटा:70 सफाईकर्मी और 15 लेखपाल राहत-सर्वे में जुटे, 400 परिवारों को राहत किट बांटी
महराजगंज में निचलौल के सोहगीबरवा क्षेत्र में बाढ़ का पानी कम होने के बाद प्रशासन ने प्रभावित गांवों में राहत और पुनर्स्थापना अभियान तेज कर दिया है। सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोथहां ग्राम पंचायतों में एक साथ सफाई, स्वास्थ्य, पशुधन देखभाल, क्षति आकलन और राहत सामग्री वितरण का काम चल रहा है। बाढ़ के बाद संक्रमण और बीमारियों के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने करीब 70 सफाईकर्मियों को गांवों में उतारा है। वहीं बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए 15 लेखपालों की टीमें लगाई गई हैं। बाढ़ का पानी उतरने के बाद गंदगी और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सड़क, नाली, बाजार, सार्वजनिक और सरकारी भवनों के साथ स्कूल परिसरों की भी सफाई कराई जा रही है। नालियों में एंटी लार्वी का छिड़काव किया जा रहा है। पंचायत भवनों की विशेष सफाई के साथ ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कराया जा रहा है। बाढ़ में मृत पशुओं के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि गंदगी और संक्रमण का खतरा न बढ़े। नौ ग्राम पंचायत सचिव और सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुनील गुप्ता की निगरानी में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। शिकारपुर-भोथहां के सभी प्रभावित परिवारों तक पहुंची राहत प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। शिकारपुर और भोथहां के सभी प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है। वहीं सोहगीबरवा में अब तक करीब 400 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई है। प्रशासन की टीम प्रभावित इलाकों में जरूरत के अनुसार राहत पहुंचाने में जुटी है। 15 लेखपाल घर-घर पहुंचकर कर रहे नुकसान का सर्वे बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए 15 लेखपालों की टीमें लगाई गई हैं। लेखपाल घर-घर पहुंचकर मकान, फसल और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का सर्वे कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सर्वे के आधार पर प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बाढ़ से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन कर पात्र परिवारों को सरकारी सहायता देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। बीडीओ-तहसीलदार ने संभाली निगरानी बाढ़ के बाद स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें गांवों में सक्रिय हैं। टीमें ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी कदम उठा रही हैं। पशुधन की देखभाल और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। बीडीओ संतोष कुमार यादव और तहसीलदार अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर राहत, सफाई और पुनर्स्थापना कार्यों का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की निगरानी में प्रभावित पंचायतों में सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, राहत वितरण और क्षति सर्वे का काम एक साथ जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User