रायबरेली महिला अस्पताल के गेट पर गर्भवती का प्रसव:परिजनों ने रिश्वत मांगने का लगाया आरोप, अस्पताल प्रशासन बोला- महिला खुद बेड से उठकर बाहर आई
रायबरेली में जिला महिला अस्पताल के गेट पर गर्भवती के प्रसव का वीडियो शनिवार रात करीब 11 बजे वायरल हुआ। वीडियो में महिला अस्पताल के गेट के बाहर प्रसव पीड़ा से जूझती नजर आ रही है। महिला के साथ आए तीमारदार ने अस्पताल कर्मचारियों पर प्रसव के लिए रुपए मांगने और पैसे न दे पाने पर महिला को बाहर टहलाने का आरोप लगाया है। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा है। परिजनों के मुताबिक, सलोन निवासी गर्भवती प्रतिभा को शनिवार सुबह करीब 11 बजे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि महिला को धीरे-धीरे प्रसव पीड़ा हो रही थी। इस दौरान डॉक्टरों ने उसे कई बार इंजेक्शन दिए और अभी प्रसव न होने की बात कहते हुए बाहर टहलाने के लिए कहा। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के लिए उनसे पहले 10 हजार और बाद में 15 हजार रुपए की मांग की गई। पैसे न दे पाने पर महिला को टाला जाता रहा। परिजनों के मुताबिक, देर रात अस्पताल परिसर के गेट के सामने ही महिला का प्रसव हो गया। प्रसव के दौरान अस्पताल कर्मचारी महिला को अंदर ले गए वायरल वीडियो में प्रसव के बाद अस्पताल के गेट के बाहर महिला नजर आ रही है। इसी दौरान अस्पताल के कर्मचारी उसे अंदर ले जाने के लिए पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनसे पैसे की मांग की गई और इस बारे में किसी को बताने से भी मना किया गया था। CMS बोलीं- बिना बताए बेड से उठकर बाहर आई थी महिला जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. निर्मला साहू ने परिजनों के आरोपों से अलग अस्पताल का पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि सलोन की रहने वाली प्रतिभा को उसके दिव्यांग पति ने अस्पताल में भर्ती कराया था। सीएमएस के मुताबिक, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और बिना बताए बेड से उठकर बाहर आ गई। उन्होंने बताया कि बाहर ही महिला की प्रसव प्रक्रिया शुरू हो गई थी। जानकारी मिलते ही उसे तत्काल अस्पताल के अंदर लाया गया, जहां जच्चा और बच्चा दोनों का इलाज जारी है। उनके मुताबिक, बच्चे को आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)