मिल्कीपुर में 185 जोड़ों का सामूहिक विवाह:शारदीय नवरात्र पर विधायक ने दिया आशीर्वाद, दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी हुआ
अयोध्या में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जिले के मिल्कीपुर में खुशियों और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को विद्या मंदिर खेल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 185 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। मां कुष्मांडा की आराधना के बीच संपन्न हुए इस समारोह में दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी कराया गया। समारोह का शुभारंभ शहनाइयों की मधुर धुन, वैदिक मंत्रोच्चार, गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विवाह मंडप को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस दौरान मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय समेत अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मिल्कीपुर, अमानीगंज, हैरिंग्टनगंज विकासखंड और नगर पंचायत कुमारगंज के 185 जोड़े शामिल हुए। नवदंपतियों को पारंपरिक परिधान पहनाए गए और वैदिक रीति से विवाह संपन्न कराया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने समारोह में पहुंचकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए कई योजनाएं चला रही है। महिलाओं के नाम आवास देने से उन्हें घर में मालिकाना हक मिल रहा है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी के आवश्यक सामान भी भेंट किए और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय ने बताया कि नवरात्र पर आयोजित यह समारोह सामाजिक एकता का संदेश देता है। पिछले कुछ वर्षों में इस योजना से सैकड़ों जोड़ों को लाभ मिला है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना वर्ष 2017-18 से संचालित है। इसका उद्देश्य गरीब परिवारों, विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाओं के विवाह में सहायता देना है। योजना में प्रति जोड़ा एक लाख रुपये का प्रावधान है, जिसमें 60 हजार रुपये वधू के खाते में, 25 हजार की गृहस्थी सामग्री और 15 हजार आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। पात्रता के लिए वधू की उम्र 18और वर की 21 वर्ष, परिवार की वार्षिक आय तीन लाख तक और उत्तर प्रदेश का निवासी होना जरूरी है। प्रदेश में अब तक पांच लाख से अधिक विवाह इस योजना में हो चुके हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)