मिल्कीपुर में भाजपा टिकट पर गोरखनाथ बाबा का दावा:बोले- चुनाव लड़ना अटल सत्य; पार्टी से ही उतरूंगा मैदान में

Oct 20, 2026 - 14:43
0
मिल्कीपुर में भाजपा टिकट पर गोरखनाथ बाबा का दावा:बोले- चुनाव लड़ना अटल सत्य; पार्टी से ही उतरूंगा मैदान में
अयोध्या के मिल्कीपुर में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अभी से सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। भाजपा के टिकट को लेकर पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा के बयानों ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह चुनाव लड़ने का दावा करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह भाजपा से ही चुनाव लड़ेंगे और बिना टिकट मैदान में उतरने का उनका कोई इरादा नहीं है। वायरल वीडियो में गोरखनाथ बाबा अपने अंदाज में कहते सुनाई दे रहे हैं कि जब वह समाज के लिए कुर्ता-पायजामा पहनकर मैदान में निकल चुके हैं और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, तो उनके समर्थक दूसरी ओर कैसे जा सकते हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और क्षमता पर भरोसा जताते हुए पार्टी पर भी विश्वास जाहिर किया। बोले- चुनाव लड़ना अटल सत्य चुनाव लड़ने के सवाल पर गोरखनाथ बाबा ने कहा कि चुनाव लड़ना अटल सत्य है। उनके इस बयान को मिल्कीपुर सीट से अपनी दावेदारी बनाए रखने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह इतने बड़े नेता नहीं हैं कि पार्टी से अलग होकर अपनी मर्जी से चुनाव लड़ने का फैसला कर लें। इस तरह उन्होंने बिना टिकट चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज कर दिया। मौजूदा विधायक और पूर्व विधायक के बीच चर्चा गोरखनाथ बाबा की सक्रियता और बयानों के बाद मिल्कीपुर में भाजपा के संभावित प्रत्याशी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मौजूदा विधायक चंद्रभानु पासवान पर भरोसा जताएगी या पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा को मौका देगी। हालांकि, भाजपा ने अभी तक 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मिल्कीपुर सीट पर प्रत्याशी की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। चुनाव नजदीक आने के साथ ही इस सीट पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User